सेना प्रमुख के विवादित बयान को भाजपा मान रही फायदे का सौदा
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के बयान पर मचे सियासी संग्राम को भाजपा अपने लिए फायदे का सौदा मान रही है। पार्टी रणनीतिकारों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी ने बैठे बिठाए राष्ट्रवाद के एजेंडे पर सियासत का बेहतरीन मौका दे दिया है। यूपी के सियासी संग्राम में भाजपा इस मुद्दे को सेना के स्वाभिमान से जोड़ते हुए हवा देगी।
यूपी की चुनावी रणनीति से जुड़े भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि राष्ट्रवाद की पिच भाजपा के लिए हमेशा से जिताऊ रही है। पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक को मुद्दा बनाकर भाजपा राष्ट्रवाद की सियासत को भुनाने में जुटी हुई थी। अब जनरल रावत के बयान पर सवाल खड़े कर कांग्रेस पार्टी ने उसे इस मुद्दे को भुनाने का बेहतरीन अवसर प्रदान कर दिया है।
विवाद से भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीन पर जंग के लिए नई ऊर्जा मिल गई है
सूत्र बताते हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव के शेष बचे चरणों के प्रचार में भाजपा सेना प्रमुख के बयान का बचाव करते हुए कांग्रेस पर सियासी हमले तेज करेगी। पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि इस विवाद से भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीन पर जंग के लिए नई ऊर्जा मिल गई है। सेना के मामले को लेकर भगवा कार्यकर्ताओं में प्रखर राष्ट्रवाद का जोश भर जाता है।
दरअसल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने हिदायत भरे लहजे में कहा था कि सैन्य ऑपरेशन के दौरान जवानों पर पथराव करने वाले लोगों को आतंकवादियों का सहयोगी माना जाएगा और उनसे सख्ती से निबटा जाएगा। जनरल रावत ने कहा था कि जो लोग आईएस और पाकिस्तान के झंडे दिखाकर आतंकवाद की मदद करना चाहते हैं उनको देश विरोधी माना जाएगा और बख्शा नहीं जाएगा।