Apple Farmers: 'सेब रणनीति' के जरिए सरकार को घेरेगी कांग्रेस, किसानों के साथ मिल कर की बड़ी तैयारी
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने आने वाले दिनों में किसानों के साथ उनके मुद्दों पर घेरने की बड़ी रणनीति तैयार की है। इसमें बड़े स्तर पर सबसे पहले कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के सेब उत्पादकों के मुद्दे को आगे रखा है। नई योजना के मुताबिक अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों के किसानों की समस्याओं को सामने लाकर भाजपा शासित राज्य सरकारों और केंद्र सरकारों को घेरा जाएगा। पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि किसानों के हक के लिए उनकी पार्टी लगातार आवाज बुलंद करती रहेगी।
कांग्रेस में सबसे पहले केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के सेब उत्पादकों के अहम मुद्दे पर घेरना शुरू किया। कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत्र कहती हैं कि केंद्र सरकार ने पहले से प्रकृति की मार झेल रहे हिमाचल और जम्मू कश्मीर के सेब उत्पादकों पर अमेरिका की दोस्ती के चक्कर में वित्तीय मुसीबत में फंसाने का पूरा रास्ता तैयार कर दिया है। वह कहती हैं कि अमेरिका के सेब पर 70 फ़ीसदी के उत्पाद शुल्क को हटाकर 15 फ़ीसदी किए जाने से हिमाचल और जम्मू कश्मीर के सेब उत्पादकों की तो कमर ही टूट जाएगी। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर इलाके में सेब उत्पादक संघ से जुड़े देवेश नेगी कहते हैं कि इस बार जिस तरीके से हिमाचल प्रदेश में आपदा आई है उससे पहले से ही सेब की फसल पर बुरा असर पड़ा है। रही सही कसर विदेशी सेब उत्पादकों को कर में छूट दिए जाने से पूरी करवाई जा रही है।
कांग्रेस पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पिछले हफ्ते कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं के बीच में किसानों के मुद्दों के साथ-साथ कुछ अहम मुद्दों को लेकर एक बैठक हुई। इस बैठक में शामिल एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि सिर्फ हिमाचल प्रदेश के किसान ही नहीं बल्कि दक्षिण के राज्यों में भी किसानों की समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट के किसानों और हरियाणा के किसानों समेत भाजपा शासित राज्य में किसानों की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने की बड़ी तैयारी की है। योजना के मुताबिक कांग्रेस इन सभी राज्यों में अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से न सिर्फ किसानों के मुद्दों की आवाज उठाने, बल्कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के माध्यम से किसानों के साथ मिलकर रैली और आंदोलन करने की योजना भी बना रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी लगातार किसानों से मुलाकात भी कर रहे हैं और हिमाचल में प्रियंका गांधी ने वहां के लोगों से भी मुलाकात की।
हिमाचल के ठियोग के सेब उत्पादक अरुणेश ठाकुर कहते हैं कि इस बार हिमाचल में आई तबाही ने पहले से ही सेब की फसल को तबाह कर दिया है। वह और उनके संगठन लगातार केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि उनको ज्यादा से ज्यादा सब्सिडी दी जाए, ताकि उत्पादकों को तबाही की वजह से हुए नुकसान में भरपाई मिल सके। वह कहते हैं कि अमेरिका में जो सेब के उत्पादक हैं वह पहले से ही अपनी सरकार से बहुत ज्यादा सब्सिडी पाते रहते हैं। वहां पर सेब उत्पादक बड़े किसान, कॉर्पोरेट हाउस या बड़ी कंपनियां ही होती हैं। ऐसे में हमारे देश में उनको मिलने वाली छूट से हमारे सेब उत्पादकों से सीधा मुकाबला कराए जाने की तैयारी है। जबकि हिमाचल के किसानों को और ज्यादा से ज्यादा सब्सिडी की आवश्यकता थी।