आम आदमी पार्टी का आरोप: एमसीडी की होर्डिंग पर भाजपा मुफ्त में कर रही करोड़ों का प्रचार
भाजपा ने आम आदमी पार्टी के आरोप पर किया पलटवार, कहा- डीटीसी बसों की खरीद और रखरखाव के मामले में हुए हजारों करोड़ रुपये के घोटाले से लोगों का ध्यान हटाने के लिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे केजरीवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली नगर निगम की होर्डिंग पर मुफ्त में करोड़ों रुपये का प्रचार करने का आरोप लगाया है। आप ने कहा है कि भाजपा का तीनों नगर निगमों पर कब्जा है। इसका लाभ उठाकर वह भाजपा नेताओं का निगम की होर्डिंग पर मुफ्त में प्रचार कर रही है, जबकि इसकी कमाई एमसीडी के खाते के माध्यम से जनता के हित में खर्च होनी चाहिए। आप ने कहा है कि अब हम बिल दिखाओ बीजेपी ( #BillDikhaoBJP ) कैंपेन चलाकर भाजपा से होर्डिंग के बिलों के हिसाब मांगेंगे और सच्चाई को जनता के सामने लाएंगे। हालांकि, भाजपा ने आम आदमी पार्टी के इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। इसने कहा है कि यह डीटीसी बसों की खरीद में हुए कथित घोटाले से ध्यान भटकाने की साजिश है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि तीनों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा है। होर्डिंग के माध्यम से होने वाली कमाई का पूरा हिसाब इनके माध्यम से ही रखना होता है। लेकिन हमें पता चला है कि भाजपा नेताओं और पार्टी का इन होर्डिंग पर प्रचार तो किया जा रहा है, लेकिन इसका कोई बिल नहीं बनाया जा रहा है। इस तरह भाजपा और उसके नेता जनता के उस हक पर डाका डाल रहे हैं जो जनता के हित में खर्च की जानी चाहिए। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की 2200 किलोमीटर लंबी राजधानी की सड़कों पर होर्डिंग के जरिए हर साल 2640 करोड़ रुपए की लूट हो रही है। इन होर्डिंग का एक महीने का किराया एक से दो लाख रुपए के बीच होता है। लेकिन भाजपा नेता और पार्टी इन जगहों पर मुफ्त में अपना प्रचार कर रहे हैं।
'वेतन देने के लिए रुपये नहीं हैं और...'
भारद्वाज ने कहा कि भाजपा नेता अपने नेताओं के जन्मदिन से लेकर छोटे-छोटे पदों पर बैठने तक के अवसर पर बधाईयां देते हैं, इसके लिए बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगवाते हैं, लेकिन जनता के सामने इसका कोई हिसाब नहीं देते। हमारी पार्टी एक अभियान चलाकर इस पैसे का हिसाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि हमने अपने कार्यकर्ताओं के जरिए कुछ जगहों की होर्डिंग की जांच कराई तब यह सच्चाई सामने आई। हम इन होर्डिंग की तस्वीरें दिखाकर दिल्ली भाजपा के नेताओं मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी और आदेश गुप्ता से इन पैसों का हिसाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो निगम के पास वेतन देने के लिए पैसे नहीं होते हैं और दूसरी और ऐसे खर्चों का कोई हिसाब ही नहीं रखा जा रहा। अगर वह भाजपा नेताओं से ही पैसा वसूलती तो हर साल उसे 1320 करोड़ रुपये की कमाई हो जाती।
भाजपा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। निगमों के माध्यम से किसी भी संस्था या व्यक्ति को होर्डिंग पर प्रचार करने के लिए निर्धारित दरों पर किराया वसूला जाता है। आज के समय में सेवाएं ऑनलाइन होने के कारण इनमें भ्रष्टाचार होने की कोई संभावना नहीं रहती। भाजपा नेता ने कहा कि सच्चाई यह है कि दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों की खरीद और इसके रखरखाव के मामले में हजारों करोड़ का घोटाला किया है। गृह मंत्रालय इसकी जांच सीबीआई से करने का आदेश दे चुका है। यही कारण है कि अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम लोगों का ध्यान इस मुद्दे से भटकाकर दूसरी ओर ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार केजरीवाल की कोई चाल कामयाब नहीं होगी और डीटीसी बसों का पूरा सच सामने आ जाएगाा।