एंटीलिया मामला : देशमुख ने बताई परमबीर सिंह को हटाने की यह वजह, वाजे से जुड़ी एक और लग्जरी कार जब्त
मुंबई का एंटीलिया मामला गहराता जा रहा है। जांच की आंच में मुंबई का पुलिस महकमा भी घिरता जा रहा है। अब राज्य में पुलिस अफसरों के तबादलों को लेकर सवाल उठने लगे हैं तो अधिकारी भी इस पर नाराजी जता रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि एनआईए और महाराष्ट्र एटीएस एंटीलिया मामले से जुड़े सजिन वाजे केस की बहुत ही पेशेवर ढंग से जांच कर रही हैं। मुंबई पुलिस के आयुक्त परमबीर सिंह को इसलिए पद से हटाया गया है कि जांच एजेंसियां बगैर अड़चन के पड़ताल कर सकें। बता दें, परमबीर को अचानक हटाए जाने को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर सवाल उठ रहे थे। इसे लेकर देशमुख ने यह सफाई दी है।
इस बीच, एनआईए ने बृहस्पतिवार को एक और लग्जरी कार जब्त की, जिसे मुंबई के पुलिस अधिकारी सचिन वाजे द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। एनआईए के एक अधिकारी ने बताया कि टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो कार ठाणे के साकेत क्षेत्र में वाजे के आवास के बाहर खड़ी मिली। वाहन को यहां कुंबाला हिल स्थित एनआईए कार्यालय लाया गया। इससे पहले एनआईए ने मंगलवार को काले रंग की एक मर्सिडीज कार बरामद की थी और इससे विस्फोटक से लदी एसयूवी की वास्तविक नंबर प्लेट भी बरामद की थी।
बता दें, मुंबई में मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटकों से लदी एसयूवी मामले को लेकर मुंबई पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट के प्रमुख सचिन वाजे को एनआईए ने गिरफ्तार किया है। वाजे अभी रिमांड पर हैं। वहीं एसयूवी के मालिक मनसुख हिरेन की मौत के मामले की एटीएस जांच कर रही है।
NIA & ATS are investigating Sachin Waze case very professionally. Action will be taken accordingly. Param Bir Singh has been transferred from the post of Mumbai Police Commissioner so that investigation can be done without any obstruction: Maharashtra Home Minister Anil Deshmukh pic.twitter.com/bjo8uC7aNb
— ANI (@ANI) March 18, 2021
तबादले से डीजी संजय पांडे खफा, बोले- मेरे साथ ज्यादती हुई
इस बीच महाराष्ट्र पुलिस महकमे में तबादलों को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। महाराष्ट्र सिक्योरिटी कॉरपोरेशन के नए डीजी संजय पांडे ने अपने और अन्य आईपीएस अधिकारियों के तबादले पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृह मंत्री अनिल देशमुख को पत्र लिखा। उन्होंने कहा, "मेरे साथ ज्यादती हुई। इसलिए मैंने सरकार के सामने अपना मुद्दा रखा। मेरे साथ जो हुआ वह क़ानून के हिसाब से नहीं हुआ।" बता दें पांडे की जगह परमबीर सिंह को डीजी होमगार्ड्स बनाया गया है। पांडे पहले डीजी होमगार्ड्स थे और उनके पास महाराष्ट्र राज्य सिक्योरिटी कार्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार था।
महाराष्ट्र: महाराष्ट्र सिक्योरिटी कॉरपोरेशन के नए DG संजय पांडे ने अपने और अन्य IPS अधिकारियों के तबादले पर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिखा।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 18, 2021
उन्होंने कहा, "मेरे साथ ज्यादती हुई। इसलिए मैंने सरकार के सामने अपना मुद्दा रखा। मेरे साथ जो हुआ वह क़ानून के हिसाब से नहीं हुआ।" pic.twitter.com/6m1mnDfzsE
वाजे को वकील से मिलने की इजाजत पर मांगा जवाब
इस बीच एनआईए कोर्ट ने एनआईए से वाजे की उस अर्जी पर जवाब मांगा है, जिसमें उसने अपने वकील से निजी तौर पर मिलने की इजाजत मांगी है। अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने वाजे के वकील को दिखाई देने वाली किंतु सुनाई नहीं देने वाली दूरी से पूछताछ के दौरान मौजूद रहने की इजाजत दी थी।
वाजे नहीं कोई और है मास्टर माइंड, जल्द होगा साजिश का खुलासा : एनआईए
उल्लेखनीय है कि बुधवार को एनआईए ने कहा था कि एंटीलिया के बाहर विस्फोटकों से लदी मिली स्कॉर्पियो के मामले में सचिन वाजे नहीं, बल्कि कोई अन्य व्यक्ति इस पूरी साजिश का असली आका है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने कहा कि पूरा मामला हल किया जा चुका है। वाजे एक अन्य ‘खिलाड़ी’ से निर्देश लेता था। जल्द ही पूरी साजिश का सार्वजनिक खुलासा कर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि एनआईए के इस दावे के बाद ही मुंबई के पुलिस आयुक्त परमवीर सिंह के तबादले की पूरी पटकथा लिखी गई। जांच से जुड़े लोगों के मुताबिक, 13 मार्च को गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सचिन वाजे ने एनआईए अधिकारियों से कहा था कि वह इस पूरे मामले में अपनी पुरानी प्रसिद्धि और नाम हासिल करने के लिए किसी दूसरे के कहने पर जुड़ा था।