राष्ट्रपति भवन के बाद अब कैसा होगा प्रणब का जीवन, क्या मिलेंगी सुविधाएं?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांच साल तक राष्ट्रपति के पद रहने के बाद आज प्रणब मुखर्जी की इस पद से विधिवत विदाई हो जाएगी। इसके साथ ही वह राष्ट्रपति भवन को भी अलविदा कह देंगे, जिसके बाद उनका नया ठिकाना बनेगा 10 राजाजी मार्ग। प्रणब मुखर्जी अब इसी 10 राजाजी नाम के बंगले में रहेंगे, जो उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम का भी ठिकाना रह चुका है। राष्ट्रपति भवन से जाने के बाद प्रणब मुखर्जी के पास बेशक वो पहले जैसी शानोशौकत और रुतबा नहीं रहेगा लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें काफी सुविधाएं मिलती रहेंगी। आइए डालते हैं उन्हीं सुविधाओं पर एक नजर।
बंगले के लिए नहीं देना होगा कोई किराया
राष्ट्रपति भवन के बाद प्रणब मुखर्जी इसी 10 राजाजी मार्ग के बंगले में रहेंगे। जिसका कुल क्षेत्रफल 4,498 स्कवायर फिट है। खास बात ये है कि यह बंगला उन्हें जीवनभर के लिए आवंटित किया जाएगा। जिसके लिए कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
तमाम सुविधाओं से लैस होगा बंगला
प्रणब दा को मिलने वाला यह बंगला पूरी तरह फर्निशड होगा जिसमें उनके सहयोग के लिए पांच कर्मचारियों का स्टाफ रहेगा। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति होने के नाते उन्हें एक प्राइवेट सेक्रेटरी, एक एडिशन सेक्रेटरी, एक निजी सहयाक और दो चपरासी की सुविधा मिलेगी। कार्यालय खर्चे के रूप में 60 हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे।
बंगले में मुफ्त मिलेंगी ये सुविधाएं
नए बंगले में पूर्व राष्ट्रपति को दो लैंडलाइन टेलीफोन कनेक्शन (एक ब्राडबैंड कनेक्टिविटी सहित) रहेंगे। इसके अलावा एक मोबाइल फोन नेशनल रोमिंग मुक्त, एक मोटर कार (तेल भत्ते) सहित मिलेगी। कार के रूप में प्रणब के पास वही लिमोजिन रहेगी जो उन्हें राष्ट्रपति रहते मिली हुई थी।
देशभर में कहीं भी मुफ्त आने जाने की सुविधा
राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद भी प्रणब को पूर्व राष्ट्रपति होने के नाते देशभर में कहीं भी मुफ्त आने जाने की सुविधा रहेगी। रेल, प्लेन और जहाज में वह फर्स्ट क्लास सफर कर सकते हैं, इसके लिए उन्हें एक सहयोगी को साथ ले जाने की छूट होगी।
राष्ट्रपति के रूप में मिलेगी 75 हजार पेंशन
पूर्व राष्ट्रपति के रूप में प्रणब दा को हर माह 75 हजार रुपये पेंशन मिलेगी। इसमें समय समय पर नियमानुसार बढोत्तरी होती रहेगी। पेंशन का जो लाभ देश के अन्य कर्मचारियों को मिलता है वो पूर्व राष्ट्रपति प्रणब दा को भी मिलेगा। इसके अलावा उन्हें जन्मभर के लिए मुफ्त चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी। किसी भी बीमारी का वह जब चाहें इलाज करा सकते हैं।