Maharashtra: चोरी की शिकायत से नासिक में यौन शोषण के बड़े मामले का खुलासा, टैबलेट से मिले 121 अश्लील वीडियो
नासिक में ब्लैकमेल की शिकायत करने वाला बुजुर्ग ही जांच में यौन शोषण का आरोपी निकला। उसके पास से 121 अश्लील वीडियो मिले, जिसके बाद एक महिला की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
विस्तार
महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ब्लैकमेल की शिकायत करने वाला एक वरिष्ठ नागरिक खुद यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार हो गया। पुलिस जांच में उसके खिलाफ गंभीर खुलासे हुए हैं।
बुजुर्ग ने क्या शिकायत दर्ज कराई थी?
पुलिस के अनुसार, सतपुर इलाके में रहने वाले रविंद्र गणपत एरंडे ने पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसके कार्यालय से टैबलेट चोरी कर लिया और निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपये की वसूली की कोशिश की। उसने बताया था कि वह पहले ही 10 हजार रुपये दे चुका है और गुरुवार को 50 हजार रुपये देने वाला था।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया?
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर चार आरोपियों आकाश पुंडलिक बकरे, प्रकाश रामदास पानपटिल, सूरज सुनील गवई और श्रीपत भीमराव शिंदे को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार मोबाइल फोन, दो पेन ड्राइव और एक मेमोरी कार्ड बरामद किए गए।
कैसे हुए बुजुर्ग का अपराध का खुलासा?
जब पुलिस ने इन उपकरणों की जांच की, तो उसमें 121 अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो क्लिप मिले, जिनमें कई महिलाओं और शिकायतकर्ता के परिचित शामिल थे। जांच के दौरान मामले ने नया मोड़ लिया, जब एक महिला सामने आई और उसने एरंडे पर कई बार यौन शोषण का आरोप लगाया।
महिला का आरोप है कि एरंडे ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग होटलों में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने एरंडे को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
बुजुर्ग पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (छल से यौन संबंध) सहित अन्य धाराओं, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि एरंडे ने कई महिलाओं का यौन शोषण किया और उनके अश्लील वीडियो बनाए। पुलिस ने अन्य संभावित पीड़ित महिलाओं से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है और उनकी पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
