बांद्रा में भीड़ जुटने के मामले में टीवी पत्रकार गिरफ्तार, गलत जानकारी फैलाने का आरोप
बता दें कि मंगलवार की शाम को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बांद्रा स्टेशन पर हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूरों की भीड़ घर जाने के लिए इकट्ठा हो गई थी। यहां वे अपने-अपने घर जाने देने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कहा कि जो भी बाहरी राज्यों के मजदूर यहां हैं, वो निश्चिंत और निर्भीक होकर यहां रहें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंगलवार की शाम बांद्रा में भीड़ जुटने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक न्यूज चैनल के एक पत्रकार को गिरफ्तार किया है। पत्रकार पर ट्रेन सेवा शुरू करने के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप है। मुंबई पुलिस के डीसीपी (जोन-9) अभिषेक त्रिमुखे ने बताया कि पत्रकार को कल अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
ठाकरे ने कहा था कि बांद्रा में ये घटना इसलिए हुई क्योंकि किसी ने उनको जानकारी दी कि 14 अप्रैल के बाद ट्रेनें चालू हो जाएंगी। मैं मजदूरों से कहना चाहता हूं कि हमें आपको यहां घरों में बंद रखने में मजा नहीं आ रहा। पर ये आप ही की सुरक्षा के लिए जरूरी है। लॉकडाउन का मतलब लॉकअप नहीं है।
आरोपी विनय दुबे हो चुका गिरफ्तार
वहीं प्रवासी मजदूरों को गुमराह कर इकट्ठा करने के आरोपी शख्स विनय दुबे को मुंबई पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि विनय ने मुंबई के कुर्ला में 18 अप्रैल को प्रवासी मजदूरों की ओर से देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने की धमकी दी।
पुलिस ने अनुसार आरोपी विनय दुबे 'चलो घर की ओर' कैंपेन चला रहा था। उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए गए पोस्ट में इसी बात का जिक्र किया है। साथ ही अपनी एक टीम के बांद्रा में होने की बात कही है। एक पोस्ट में उसने 18 अप्रैल तक ट्रेनें शुरू नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी तक दी है।
बता दें कि इस मामले में पुलिस ने करीब एक हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुंबई पुलिस की एफआईआर में विनय दुबे पर लॉकडाउन के बीच लोगों को गुमराह करने का आरोप है। मुंबई पुलिस ने विनय के खिलाफ धारा-188 और महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
कौन है विनय दुबे
विनय के फेसबुक अकाउंट पर दी गई जानकारी के मुताबिक वह नवी मुंबई का रहने वाला है। उसने खुद को उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता बताया है। फेसबुक पर विनय ने कई पोस्ट शेयर किए हैं, इनमें से एक वीडियो में वह कहता सुनाई देता है कि उसने महाराष्ट्र में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए 40 बसों का इंतजाम किया है, ताकि निशुल्क रूप से इन मजदूरों को उनके मूल घरों तक पहुंचाया जा सके। राज्य सरकारों से इसकी अनुमति मांगी परंतु अभी तक नहीं मिली है। वीडियो पोस्ट में इसी तरह की कई बातें विनय ने साझा की हैं। विनय के इस वीडियो को 15 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है।
राज ठाकरे के साथ मंच किया साझा
विनय के फेसबुक अकाउंट में अपलोड फोटोज में से एक में वह मनसे प्रमुख राज ठाकरे के साथ मंच साझा करता दिखाई पड़ता है। इसके अलावा उसकी प्रोफाइल में अपलोड एक फोटो में वह विधानसभा चुनाव की उम्मीदवारी पेश करता हुआ भी दिखता है।
राजनेताओं से करीबी संबंध
राज ठाकरे के साथ मंच साझा करने अलावा भी विनय दुबे के राजनेताओं से अच्छे संबंध हैं। दरअसल दुबे ने अपने ट्विटर अकाउंट कुछ ट्वीट किए हैं इनमें से एक में सत्ताधारी पार्टी की सहयोगी एनसीपी के नेताओं से उसकी करीबी झलकती है। एक ट्वीट में वह कहता है कि उसके पिता ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए महाराष्ट्र सरकार को अपने जीवन की सारी पूंजी दान कर दी। उसने इसे स्वीकारने के लिए गृह मंत्री अनिल देशमुख के साथ ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का आभार भी जताया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.