फंड का हवाला देकर 27 एयरपोर्टों पर तैनात नहीं की गई CISF
- सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
- जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट समेत अन्य में पांच साल से है यह स्थिति
विस्तार
ब्रसेल्स के जवेंटम एयरपोर्ट पर हुए आतंकी हमले के बाद दुनियाभर में एयरपोर्ट सुरक्षा को कड़ी करने की मांग की जा रही है। इस बीच सुरक्षा एजेसियों की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि एयरपोर्ट सुरक्षा के मामले में भारत सुस्त है।
रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट समेत 27 से भी ज्यादा एयरपोर्टों पर अब तक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसफ) तैनात नहीं किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक फंड की कमी के चलते यह स्थिति पिछले पांच साल से बनी हुई है।
सीआईएसएफ और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयार की ये रिपोर्ट
हाल ही में सीआईएसएफ और सुरक्षा एजेंसियों ने यह रिपोर्ट तैयार की है। इसमें एयरपोर्टों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए सुरक्षा को कड़ी करने का सुझाव दिया गया है।
इसी साल की शुरुआत में आई परिवहन, पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों से जुड़ी संसद की स्थायी समिति ने आश्चर्य जताया था कि देश के आठ अतिसंवेदनशील व अन्य 19 एयरपोर्टों में सीआईएसएफ तैनात नहीं की गई है।
दरअसल सीआईएसएफ को हवाई सुरक्षा समूह के तहत तैयार किया गया है। इसमें तकरीबन 22 हजार कमांडो शामिल हैं। इस बल को सबसे पहले 2000 में एयरपोर्ट की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था, जिसकी शुरुआत जयपुर एयरपोर्ट से की गई थी।