नोबेल शांति पुरस्कार : सोशल मीडिया पर बहस, ट्रंप, किम या मून, शुक्रवार को ऐलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस बार का नोबेल शांति पुरस्कार मिल सकता है? दोनों कोरियाई देशों के बीच शांति बहाली के प्रयास तेज हुए हैं तो क्या वह इसके दावेदार हैं? इथियोपिया और एरीट्रिया के बीच शांति स्थापित होने के कारण क्या वह भी रेस में हैं? इसी शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा होने वाली है।
ऐसे में सोशल मीडिया पर अंतरराष्ट्रीय जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार के बारे में कयास लगाए जा रहे हैं। इस बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 331 व्यक्तियों और संगठनों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। सूची का दायरा बड़ा होने के कारण ही कयासों का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें : नोबेल पुरस्कार 2018 : भौतिकी के लिए इन तीन वैज्ञानिकों को सम्मान
दरअसल, इस बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार नहीं दिया जाना है और उसके बाद शांति पुरस्कार ही सबसे ज्यादा चर्चित है। ऑनलाइन सट्टा लगाने वाली वेबसाइटों पर नजर डाली जाए तो उत्तर कोरिया के नेता किम-जोंग उन और दक्षिण कोरिया के नेता मून जेई-इन का नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं। दोनों देशों के बीच पिछले एक साल से शांति की दिशा में उल्लेखनीय बातचीत हुई है। लेकिन, विशेषज्ञ इनके नामों को खारिज करने के लिए अपनी वजहें भी गिनाते हैं।
किम-मून को पुरस्कार देना जल्दबाजी
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) के प्रमुख डेन स्मिथ का कहना है कि एक तरफ कोरियाई देशों के बीच वार्ता की सफलता है, जो इस साल इस क्षेत्र में सबसे नाटकीय घटनाक्रम है। दूसरी ओर इस साल के आधार पर पुरस्कार देना क्या जल्दबाजी नहीं होगी?
वह कहते हैं कि इन चीजों को छोड़ दें तो मानवाधिकार पर किम का रिकॉर्ड उनके समर्थन के लिए काफी नहीं है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय संबंधों के विशेषज्ञ और स्वीडिश प्रोफेसर पीटर वालेनस्टीन ने कहा कि प्योंगचांग में शीतकालीन ओलंपिक खेलों के जरिये शांति को बढ़ावा देकर मून ने अच्छा काम किया।
ट्रंप को पुरस्कार देना ठीक नहीं होगा
ट्रंप का क्या? ब्रिटेन के विदेश मंत्री रह चुके बोरिस जॉनसन और खुद मून भी कह चुके हैं कि कोरियाई द्वीप में अपनी पहल के लिए डोनाल्ड ट्रंप यह पुरस्कार जीत सकते हैं। लेकिन, ट्रंप के लिए गए फैसलों का जिक्र करते हुए डेन स्मिथ कहते हैं कि उनको पुरस्कार दिया जाना ठीक नहीं होगा। शांति की जहां तक बात है तो पेरिस जलवायु समझौते और ईरान परमाणु समझौते से बाहर होने का ट्रंप का फैसला नकारात्मक रहा है।