आज के दिन: असम में भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी, आई-पैक मामले पर सुनवाई
नमस्कार! आज है बुधवार, 18 मार्च । इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 18 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी है। बुधवार को भाजपा असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। वहीं, आज से भारत के कई शहरों से कतर के लिए एक बार फिर से उड़ान शुरू होगी।
असम में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होनी है। नतीजे 4 मई को आएंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि पार्टी अपने सभी उम्मीदवारों की एक ही सूची जारी करेगी।
कतर से भारत के इन शहरों के लिए उड़ान शुरू
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने एक लिस्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि 18 मार्च को किन शहरों के लिए कतर से विमान उड़ान भरेंगे। इनमें अहमदाबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई जैसे शहर शामिल हैं।कतर एयरवेज 18 मार्च से 28 मार्च 2026 तक सीमित संख्या में संशोधित फ्लाइट चलाएगा।
आदिवासी कांग्रेस के साथ बैठक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस के साथ बैठक में शामिल होंगे।
आई-पैक मामले पर सुनवाई
पश्चिम बंगाल में तलाशी अभियान के दौरान राज्य सरकार की ओर से बाधा डालने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय बुधवार को सुनवाई करेगा। इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय ने कथित कोयला चोरी घोटाले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। निदेशालय ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी छापेमारी के दौरान परिसर में दाखिल हुईं और महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हटा दिए, जिससे जांच में बाधा आई।
भारत ट्राइब्स फेस्ट का आयोजन
भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (टीआरआईएफईडी) भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय के साथ मिलकर बुधवार से नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में भारत ट्राइब्स फेस्ट 2026 का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम 30 मार्च तक चलेगा। इसमें देश भर के जनजातीय कारीगर, उद्यमी और सांस्कृतिक कलाकार भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री दुर्गादास उइके इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय का कार्यक्रम
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय बुधवार को बिहार के पटना में दो दिन की एक कार्यशाला आयोजित कर रहा है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य तीन महत्वपूर्ण पहलुओं- सतत विकास लक्ष्य, पर्यावरण और लैंगिक समानता- में क्षमता विकास करना है। इस कार्यशाला में बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री, स्वास्थ्य एवं विकास मंत्रालय सचिव और बिहार सरकार के मुख्य सचिव के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, बिहार सरकार के अधिकारी और संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।