हिमाचल प्रदेश: सीयू में होगी कानून की पढ़ाई, जुलाई से कक्षाएं; बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मिला सर्टिफिकेट
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने कानून की कक्षाएं शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) से विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने विश्वविद्यालय को कानून की कक्षाएं शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। आगामी शैक्षणिक सत्र में जुलाई से विश्वविद्यालय के धर्मशाला परिसर में विधि (लॉ) की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) की मेरिट के आधार पर दाखिला मिलेगा।
विश्वविद्यालय काफी समय से लॉ कोर्स शुरू करने की योजना बना रहा था, लेकिन बीसीआई की ओर से कानूनी शिक्षा के नियमों में किए गए बदलावों के कारण मामला अधर में लटका हुआ था। अब नियमों में हुए नवीनतम संशोधन के बाद सीयू को सर्टिफिकेट प्राप्त हो गया है। प्रशासन ने अब फैकल्टी की नियुक्ति और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल है। अभी तक प्रवेश परीक्षा के लिए 7200 से अधिक अभ्यर्थियों के आवेदन आ चुके हैं। बीटेक के लिए 4200 और बी फार्मेसी के लिए लगभग 2400 अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन किया है। इसके अलावा अन्य विषयों के लिए आवेदन आए हैं। पात्र अभ्यर्थी 19 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि इस बार कॉमन एंट्रेंस टेस्ट नौ और दस मई को होगा। प्रवेश परीक्षा नौ मई को सुबह के सत्र में नौ से ग्यारह बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को एमएससी भौतिक विज्ञान, नौ से सवा 12 बजे तक बीटेक और बी फार्मेसी की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को ही दो से चार बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी।
एचपीयू के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) ने एमए और एमबीए पाठ्यक्रमों के छात्रों के लिए पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम (पीसीपी) का शेड्यूल जारी कर दिया है। विभिन्न सेमेस्टरों के लिए पीसीपी कक्षाएं 20 अप्रैल से शुरू होंगी। एमबीए, एमए हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, संगीत और संस्कृत सहित विभिन्न विषयों के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की कक्षाएं 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक संचालित होंगी। पहले और तीसरे सेमेस्टर के लिए पीसीपी 28 अप्रैल से 4 मई तक सुबह 10 बजे से होंगी। संगीत विषय के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से 10 दिन का अनिवार्य पीसीपी निर्धारित किया गया है, जो 21 से 30 अप्रैल और एक मई से 10 मई तक चलेगा। एमए इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, हिंदी और अंग्रेजी के सभी सेमेस्टरों के लिए पीसीपी लिंक भी विश्वविद्यालय ने जारी कर दिए हैं जो 20 अप्रैल से शुरू होंगी।
एचपीयू में चार वर्षीय बैचलर इन होटल मैनेजमेंट कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया के लिए 26 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास है। सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। प्रवेश प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी। विभाग के डॉ. नितिन व्यास ने कहा कि हिमाचल जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में कॅरिअर की व्यापक संभावनाएं हैं और विश्वविद्यालय छात्रों को इसके लिए तैयार करने पर जोर दे रहा है।