चंडीगढ़। अश्लील, शराब और गन कल्चर को प्रमोट करने वाले गाने बजाने की वजह से एक रेडियो चैनल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई है। पीजीजीसी-46 में समाज शास्त्र विभाग के प्रो. पंडित राव धरेनवर ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रेडियो चैनल के खिलाफ डीडीआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद रेडियो चैनल शराब को प्रमोट करने वाले गाने बजा रहे हैं।
पंडित राव धरेनवर ने अपनी शिकायत में कहा है कि 24 अक्तूबर को शाम 5.07 बजे शराब को प्रमोट करने वाला गाना चलाया। उन्होंने रेडियो चैनल में फोन कर इस गाने को चलाने के पीछे मकसद भी पूछा। पंडित राव ने बताया कि उन्होंने कई बार रेडियो चैनलों को हाईकोर्ट के आदेश मानने को कहा है और अश्लील, शराब और गन कल्चर को प्रमोट करने वाले गाने नहीं बजाने की अपील की है। इसके अलावा वह सभी रेडियो स्टेशन के बाहर प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद रेडियो स्टेशन ऐसे गाने बजा रहे हैं। उन्होंने एक रेडियो चैनल के खिलाफ के डीडीआर दर्ज कराई है आने वाले दिनों में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिलकर इन चैनलों की शिकायत करेंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे। प्रो. पंडित राव धरेनवर ने वर्षों से एक मुहिम छेड़ रखी है कि चंडीगढ़ में किसी भी शिक्षण संस्थान या अन्य जगहों पर नशा, हथियारों के प्रमोशन वाले गाने न आए जाएं। आपत्तिजनक गानों के कारण विद्यार्थियों पर ही नहीं पूरे समाज पर प्रभाव पड़ता है। वह समय-समय पर ऐसे गानों के विरोध में अपना प्रोटेस्ट करते हैं।