बजट सत्र: सदन में सोमवार को फिर हंगामे के आसार, विधायक रघबीर कादियान के निलंबन को वापस लेने पर अड़ी कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायक कादियान के निलंबन को वापस कराने की रणनीति तैयार होगी। अगर सात मार्च को कादियान का निलंबन वापस नहीं होता तो कांग्रेस बजट का भी बहिष्कार कर सकती है।
विस्तार
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को फिर से सदन में हंगामे के आसार हैं। विधायक रघबीर कादियान का निलंबन वापस कराने को लेकर सोमवार को प्रश्नकाल से ही कांग्रेसी हंगामा कर सकते हैं। हालांकि, आगामी रणनीति को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सत्र शुरू होने से पहले सुबह अपने निवास पर विधायक दल की बैठक बुलाई है।
बैठक में सरकार को घेरने की तैयारी की जाएगी। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की चौथे दिन की कार्यवाही दोपहर दो बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल पर विधायक ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा प्रारंभ होगी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल जवाब देंगे।
बता दें कि कांग्रेस विधायक रघबीर कादियान द्वारा सदन में धर्मांतरण विधेयक की प्रति फाड़ने को लेकर पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया है। कांग्रेस विधायक इसको लेकर शुरू से ही आक्रामक तरीके से विरोध जता रहे हैं।
कादियान को शुक्रवार को निलंबित किया गया था, उस दिन नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सदन में मौजूद नहीं थे। सोमवार को सदन की कार्यवाही के दौरान हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में कांग्रेस विधायक सरकार पर और ज्यादा आक्रामक तरीके से हमला बोलने की तैयारी में है।
निलंबन वापस नहीं हुआ तो कांग्रेस कर सकती है बजट का बहिष्कार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायक कादियान के निलंबन को वापस कराने की रणनीति तैयार होगी। अगर सात मार्च को कादियान का निलंबन वापस नहीं होता तो कांग्रेस बजट का भी बहिष्कार कर सकती है।
उधर, सरकार का रुख नरम होने की भी संभावना है। क्योंकि सरकार नहीं चाहती कि बजट पेश करने के दौरान कांग्रेस विधायक हंगामा या सदन से वॉकआउट करें। संभावना है कि खेद जताने के बाद कादियान का निलंबन वापस हो सकता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पेश होगा बजट
हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपना तीसरा बजट पेश करेंगे। बतौर वित्तमंत्री मुख्यमंत्री की ओर से गठबंधन सरकार का पेश किया जाने वाला यह बजट महिलाओं के लिए बड़ी सौगात लेकर आ सकता है।
भाजपा सरकार के दो कार्यकाल में पहली बार महिला दिवस पर बजट पेश किया जा रहा है। आठ मार्च को बिना प्रश्नकाल सदन का कार्यवाही शुरू होगी और मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगे।