पंचकूला। तीनों काले कृषि कानून, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते अपराध आज प्रदेश में चिंता का विषय हैं। यह बात आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सांसद एवं हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने कही। वह रविवार को सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ पंचकूला आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित रोड शो का शुभारंभ करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मनोहर लाल सरकार हर मामले में नाकाम साबित हुई है। इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग खासकर कर्मचारी, युवा, महिलाएं, मजदूरों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र की सरकार तीनों काले कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष को खत्म करने के नए नए षड्यंत्र रच रही है, लेकिन हर बार सरकार को मुंह की खानी पड़ रही है। आम आदमी पार्टी पूरी तहर से किसानों के साथ है। इस अवसर पर उनके साथ आप उत्तरी हरियाणा के अध्यक्ष बीके कौशिक, सचिव योगेश्वर शर्मा, युवा प्रधान गौरब बख्शी, जिला प्रधान सुरेंद्र राठी, आप के पंचकूला के चेयरमैन राहुल भारतीय, जिला युवा प्रधान आर्य सिंह, जगमोहन, बलजीत बल्ली भी थे। रोड शो के दौरान पंचकूला के सेक्टर-15 में उनका पार्टी नेताओं योगी मथूरिया व कपिल योगी की ओर से स्वागत किया गया।