पंचकूूला। गर्मी में तापमान के बढ़ने के साथ शहर में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। जहां, बीते दिनों सेक्टर-11 स्थित एक कोचिंग सेंटर के बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से हादसा टला था। वहीं, बीते रविवार की रात करीब 2.30 बजे सेक्टर-16 के एससीओ नंबर-197 स्थित रेमंड के शोरूम में आग लग गई। चंद मिनटों में आग की लपटों ने पूरे शोरूम को घेर लिया। इससे शोरूम के ग्राउंड फ्लोर पर रखे लाखों रुपये के कपड़े जल गए और फर्स्ट फ्लोर पर भी नुकसान हुआ। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोरूम के एक जानकार को फोन कर सूचना दी। फिर उन्होंने रेमंड शोरूम के संचालक, चंडीगढ़ के मलोया निवासी इजहार को घटना की सूचना दी। लेकिन इजहार के चंडीगढ़ से बाहर होने के चलते वह तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सके। हालांकि सूचना पर फायर फाइटर ने मौके पर पहुंच पानी की बौछारें कर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन आग किन कारणों से लगी, इसका स्पष्ट तौर पर कुछ पता नहीं लग सका। शोरूम के अंदर अग्निशमन यंत्र लगे थे या नहीं, इस संबंध में भी लिडिंग फायर फाइटर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह अपने शोरूम पर पहुंचे कारोबारी इजहार ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर उनके लाखों रुपये के कपड़े रखे थे और फर्स्ट फ्लोर पर उनका टेलरिंग का काम है। उन्होंने आग से उनका 55-60 लाख रुपये का नुकसान होना बताया। कहा कि आग से ग्राउंड फ्लोर पर तो नुकसान हुआ ही लेकिन आग बुझाने के लिए की गई पानी की बौछारों ने भी कपड़े खराब किए।