कलायत। ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में निर्मल स्कूल कलायत के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्राचार्य अरुण निर्मल ने बताया कि विद्यालय की ओर से प्रतियोगिता में पांच मॉडल प्रस्तुत किए गए थे। पांचों मॉडलों ने विभिन्न श्रेणियों में स्थान हासिल किया। इनमें से तीन मॉडलों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, विज्ञान और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय रहे। निर्मल स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विज्ञान एवं ग्रामीण परिवर्तन श्रेणी में आकांक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आपदा प्रबंधन श्रेणी में रोहित ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई श्रेणी में मनु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण श्रेणी में रिया ने तृतीय स्थान और स्वदेशी कृषि पद्धतियां श्रेणी में साक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रकार विद्यालय के पांचों मॉडलों को पुरस्कार स्वरूप स्थान प्राप्त हुए, जिनमें तीन प्रथम और दो तृतीय स्थान शामिल हैं।

प्रतियोगिता में विजेता रहे बच्चे प्रधानाचार्य के साथ। विज्ञप्ति