कैथल। कैथल सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने गांव फतेहपुर में प्रगतिशील किसान महेंद्र सिंह के आवास पर बैठक आयोजित की। इस बैठक में किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ना फसल वर्तमान समय में किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बनकर उभर रही है। गन्ना खेती को अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं और यह फसल उनकी खुशहाली का प्रमुख आधार बन सकती है।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि चीनी मिल प्रबंधन किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि गन्ना फसल के लिए आवश्यक बीज व कीटनाशक किसानों को ब्याज रहित ऋण पर दिए जा रहे हैं, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम हो रहा है, इसके साथ ही ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू होने से किसानों को मिल में गन्ना आपूर्ति के दौरान लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता, जिससे उनके समय की बचत हो रही है और प्रक्रिया पारदर्शी बनी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए मिल प्रबंधन किसानों को तकनीकी और आर्थिक सहायता निरंतर उपलब्ध कराता रहेगा। बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि जो किसान पहले गन्ने की खेती छोड़ चुके थे वे अब पुन: इस ओर रुख कर रहे हैं। पिछले वर्षों में गन्ना उगाने वाले किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार देखा गया है, जिससे अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं। बैठक में उपस्थित किसानों ने प्रबंध निदेशक को विश्वास दिलाया कि वे इस बार गन्ने की बुवाई को प्राथमिकता देंगे और अधिक क्षेत्र में इसकी खेती करेंगे। इस अवसर पर गन्ना विपणन अधिकारी डॉ. रामपाल सिंह तंवर, गन्ना विकास निरीक्षक डॉ. सुलतान सिंह, शमशेर के अलावा किसान फतेह सिंह, सुखविंद्र, गुरनाम, अनिल, संजीव मौजूद रहे।