कांग्रेस में रणदीप सुरजेवाला को राष्ट्रीय महासचिव, कर्नाटक का प्रभारी, सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार व कांग्रेस कार्यसमिति के मूलभूत सदस्य मनोनीत किए जाने के बाद पहली बार कैथल पहुंचने पर सुरजेवाला का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। दिल्ली से लेकर कैथल तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। कैथल में नेशनल हाइवे पर क्योड़क के निकट स्थित टोल प्लाजा से कार्यकर्ता उन्हें जुलूस के रुप में खुली गाड़ी में सवार करके कैथल लाए। युवा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हल भेंट किया।
सुरजेवाला ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी देकर सम्मान दिया गया है, वास्तव में ये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मान सम्मान है, यह मान सम्मान कांग्रेस के निष्ठावान उन कार्यकर्ताओं का है। जिन्होंने सालों साल पार्टी व जनता के हितों के लिए अपना पसीना बहाया है। रणदीप जब तक जिंदा रहेगा, रणदीप के खून का एक एक कतरा कांग्रेस व हरियाणा के लिए गिरेगा। रणदीप ग्रुप की राजनीति नहीं करै। केवल सोनिया गांधी, राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी का झंडा पकड़ कै, हरियाणा के बड़े बुजुर्गों कर पैरों में अपनी पगड़ी धरकै, नौजवानां का हाथ पकड़ कै और हरियाणा को ताकत देणे की राजनीति करेगा। उन्होंने हमेशा कैथल में शांति, अमन चैन, खुशहाली व कैथल को सजाने संवारने का काम किया और आगे भी कैथल सहित समस्त हरियाणा को चकाचौंध व संवारने का काम किया जाएगा। सुरजेवाला के समर्थन में उमड़ी लोगों की भीड़ के कारण जुलूस रैली में तब्दील हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।