कैथल। एंटी नारकोटिक टीम द्वारा पकड़े गए दो नशा तस्करों से बरामद 815 ग्राम हेरोइन की पुलिस अभी सही कीमत नहीं बता पा रही है। पुलिस ने शनिवार को इसकी कीमत करीब 20 लाख से अधिक बताई। वहीं रविवार को मीडिया से बातचीत में डीएसपी ने इसकी कीमत 50 लाख से अधिक बताई। वहीं जब प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई तो इसकी कीमत करीब 40 लाख बताई गई।
विदित हो कि पुलिस ने एक स्कूटी पर सवार दो युवकों को 815 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था, जिनमें से एक का चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में हेरोइन की कीमत 20 लाख रुपये बताई थी। इसके बाद रविवार को डीएसपी मुख्यालय कुलवंत सिंह ने सीआईए-2 में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई। उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर हितेंद्र की अगुवाई में सब इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह, एएसआई बलराज सिंह, एएसआई शुभकरण, एचसी अशोक कुमार, एचसी मनोज कुमार तथा एचसी संदीप कुमार की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। पकड़े गए दोनों युवकों में से राजेश निवासी महादेव कालोनी कैथल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं संगरुर के बाबा जीवन सिंह नगर निवासी विक्रम को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। थाना शहर पुलिस आरोपी विक्रम को साथ लेकर पंजाब में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश देगी। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा हरियाणा और पंजाब में हेरोइन सप्लाई की जा रही थी। पता करवाया जाएगा कि यह हेरोइन कहां से लाकर कहां बेची जा रही थी।