कैथल। जिले के गांव ककराला निवासी एक किसान परिवार साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने खुद को आढ़ती बताकर किसान को झांसे में लिया और अलग-अलग नंबरों पर कुल 98 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित की शिकायत पर मामले की सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज करवाई गई है। गांव ककराला निवासी लखवीर सिंह ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका खाता सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में है और उनके मोबाइल नंबर से बैंक खाता पंजीकृत है।
5 मई को शाम करीब 5:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उनकी पत्नी ने उठाया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को उनका आढ़ती बताया और कहा कि गलती से उसके पैसे उनके खाते में ज्यादा चले गए हैं और उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है, इसलिए तुरंत पैसे वापस भेजने की जरूरत है। उस समय लखवीर सिंह घर पर नहीं थे, इसलिए उनकी पत्नी ने कहा कि उनके आने पर पैसे लौटा दिए जाएंगे लेकिन फोन करने वाले ने बार-बार अस्पताल में जरूरत का हवाला देकर जल्द पैसे भेजने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर अलग-अलग मोबाइल नंबर भेजे। लखवीर सिंह की बेटी ने भरोसा करते हुए पहले एक नंबर पर 38 हजार, दूसरे पर 22 हजार, तीसरे पर 20 हजार और चौथे नंबर पर 18 हजार रुपये गूगल पे के जरिये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 98 हजार रुपये भेज दिए गए। लखवीर सिंह ने अपने वास्तविक आढ़ती से संपर्क किया तो पता चला कि उसने कोई कॉल नहीं की थी।