गुहला-चीका। चीका के सामुदायिक केंद्र में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबद्ध अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन ब्लॉक गुहला का शनिवार को सांगठनिक सम्मेलन हुआ। इसमें सर्वसम्मति से आगामी तीन वर्षों के लिए 14 सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का चुनाव किया गया। इसमें पब्लिक हेल्थ से पवन शर्मा को ब्लॉक प्रधान, बिजली विभाग से संदीप कुमार को सचिव चुना गया। इसके साथ अध्यापक संघ से रामपाल को कोषाध्यक्ष, नगरपालिका से पृथ्वी सिंह को वरिष्ठ उपप्रधान, बबली देवी को उपप्रधान, मास्टर भूपेंद्र सिंह को प्रेस सचिव, चतुर्थ श्रेणी से रघुबीर सिंह को संगठन सचिव, स्वास्थ्य विभाग के मान सिंह का ऑडिटर पद पर चयन हुआ।
कमेटी के अन्य सदस्यों में बलजिद्र सीड़ा , मामू राम सिरोही, अभिषेक शर्मा, जगबीर मान, अमित कुमार व चिंतो देवी को चुना गया। सभी नवनिर्वाचित ब्लॉक कमेटी के सदस्यों को जिला प्रेस सचिव मास्टर सतबीर गोयत ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पूर्व कार्र्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान ब्लॉक प्रधान बलजिंदर सीड़ा ने की। सम्मेलन में निवर्तमान सचिव पवन शर्मा ने पिछले तीन वर्षों की रिपोर्ट सदन पटल पर रखी। कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने आय-व्यय का ब्योरा पेश किया। जिला प्रधान जरनैल सिंह व जिला प्रेस सचिव चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे।