पंजाब के खरड़ में 7 से 13 नवंबर तक हुई सब जूनियर राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में कैथल की मनप्रीत रानी ने 57 किलो वजन में स्वर्ण पदक और युवराज ने 35 किलो वजन में पदक जीता है। कैथल पहुंचने पर दोनों खिलाड़ियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया और गाड़ी में बैठाकर शहर में रोड शो निकाला गया।
भारत रत्न बीआर आंबेडकर सोशल वेलफेयर ट्रस्ट कैथल के प्रधान अनिल कुमार और तानियो गूची जूडो क्लब कैथल के महासचिव राजकमल ढांडा ने खिलाड़ियों को बधाई दी। खेल विभाग से गुरमीत सिंह बॉक्सिंग कोच, प्रशांत कोच, अमरजीत, दिलावर, रजत मोर, मुकेश रानी, रीटा व राजेश अत्रे ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों के परिजनों ने जूडो कोच जोगिंदर, सपना और इंदिरा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जिला जूडो संघ कैथल के कार्यकारी सचिव संदीप कुमार ने खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।