कैथल। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में दयोरा निवासी सतीश कुमार ने बिजली बिल में सुधार करवाने की समस्या रखी।
वहीं सारण निवासी मामू राम और वार्ड नंबर चार निवासी महेश कुमार ने परिवार पहचान पत्र से जुड़ी समस्याएं बताईं। इसके अलावा नागरिकों ने सड़क, पेयजल, सफाई समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी एडीसी के समक्ष रखीं। एडीसी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरल और सुगम मंच उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों को चाहिए कि शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें और किसी भी मामले के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और उनके समाधान की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस अवसर पर सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।