कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने शुक्रवार को जिला स्तरीय टेलीकॉम कमेटी (डीएलटीसी) और भारतनेट प्रोजेक्ट से संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मंडियों सहित जिले में इंटरनेट नेटवर्क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भारतनेट कनेक्शनों की स्थिति की नियमित रूप से समीक्षा करने और सरकारी संस्थानों में इंटरनेट सेवाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा। डीसी ने कहा कि नए जुड़े सरकारी स्कूलों और अटल लाइब्रेरी में स्थापित भारतनेट उपकरणों की सुरक्षा व रखरखाव के लिए कस्टोडियन नियुक्त करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक साइट पर उपकरणों की देखरेख और सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी तय करें। गांव में जब भी ग्राम सभाएं करवाई जाएं, उसमें बीएसएनएल के प्रतिनिधियों को भी बुलाया जाए, ताकि भारतनेट के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया जा सके। साथ ही संबंधित ग्राम सचिव के साथ समन्वय करवाएं। डीसी ने कहा कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय होना बहुत जरूरी है। इसलिए सभी इंजीनियरिंग विभाग और एजेंसियां कॉल बिफोर यू डिग (सीबीयूडी) मोबाइल एप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि खुदाई से पहले भूमिगत दूरसंचार केबलों की जानकारी प्राप्त की जा सके और संभावित नुकसान से बचा जा सके। इसके अलावा उन्होंने निजी संपत्तियों पर मोबाइल टावर स्थापित करने से संबंधित राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) आवेदनों के समयबद्ध व नियमानुसार निपटान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएमसी कपिल शर्मा, जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक, डीएसपी बीरभान और डीडीपीओ रितु लाठर मौजूद रहे।