कैथल। डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय कैथल के जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भाम्भू और लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. जगवीर रावत ने शिरकत की। डॉ. जगवीर रावत ने कहा कि जनसंचार के विद्यार्थियों को नए कंटेंट निर्माण पर कार्य करना चाहिए क्योंकि उसमें आपकी प्रतिभा, सोच और रचनात्मकता की झलक मिलती है जिसकी कोई भी नकल नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि आज के दिन नए विचार की अहमियत है। नया विचार और उस पर कार्य करने से आप सफलता की बुलंदी पर पहुंच सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भाम्भू ने कहा कि महाविद्यालय नए विद्यार्थियों के अंदर छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं का भरपूर फायदा उठाना चाहिए। जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि जनसंचार विभाग विद्यार्थियों को ऐसा माध्यम प्रदान करता है जिससे वे सोशल मीडिया और मीडिया जगत पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. मोनिका जाखड़, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. मेहर सिंह, डॉ. अमित पाहवा और डॉ. सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भाग लेते विद्यार्थी व अन्य। विज्ञप्ति