गुहला-चीका। अखिल भारतीय किसान सभा ब्लॉक गुहला ने लोगों की स्थानीय समस्याओं के निपटारे के लिए उपमंडल अधिकारी (नागरिक ) गुहला के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर क्षेत्र की बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने, चीका खरका रोड पर सरकारी बसें संचालित करने, कोरोना के चलते बंद चल रही बसों को पुरानी समय सारणी के अनुसार संचालित करने सहित कई मांगें कीं।
प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा के ब्लॉक प्रधान नानक सिंह ने किया। अधिकारियों को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि हलका में पड़ने वाली चीका-कैथल, चीका-भागल, चीका-खरका , चीका-खरोदी, पटियाला-खुशहाल माजरा, पिहोवा - बोपुर, गड़ी नजीर रोड, तारांवाली -कसौर, हरिगढ़ किंगन - बलबेड़ा और सीह रोड सहित कई सड़कों की हालत खस्ताहाल है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चीका खरका रोड पर सरकारी बसें चलाने, कोरोना काल से बंद चल रही बसों को पुरानी समय सारणी अनुसार चलाने, गांव खुशहाल माजरा के आस-पास के क्षेत्र में स्थित राइस मिलों द्वारा छोड़े जा रहे दूषित जल को बंद करवाने, जलभराव की समस्या का समाधान निकालने, राइस मिलों व सोल्वेट्स की चिमनियों से निकलने वाली राख को रोकने की व्यवस्था करने, चीका शहर में सिटी बस सेवा शुरू करने, सभी शिक्षण संस्थानों, एसडीएम कार्यालय और सरकारी अस्पताल को सिटी बस सेवा से जोड़ने, पटियाला रोड पर बनने वाले बस अड्डे का निर्माण शुरू करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर्स और आशा वर्कर्स की मांगों को पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में नानक सिंह, डॉ. साहब सिंह संधु, गुरमीत कंबोज, जसपाल सिंह, जयभगवान, दर्शन सिंह मटकालियां, सतपाल सिंह ककहेड़ी, एडवोकेट सुखचैन थिंद, सत्यवान मस्तगढ़, कामरेड कुलदीप सिंह, जसवंत सिंह चंदी, निरंजन गुज्जर, सुनहरी सुल्तानियां, सर्व कर्मचारी संघ गुहला के ब्लॉक प्रधान पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में किसानों ने भाग लिया।