कैथल। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कैथल के जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश ने बताया कि अनुसूचित जाति के लोगों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। निगम की बैंक टाई-अप, नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नेशनल सफाई कर्मचारी फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के सहयोग से संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं के लिए 6 अक्तूबर से पोर्टल खोल दिया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को अपना कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना है। जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश ने बताया कि इन योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति के ऐसे परिवार आवेदन कर सकते हैं जिनकी ग्रामीण या शहरी क्षेत्र में वार्षिक पारिवारिक आय परिवार पहचान पत्र के अनुसार तीन लाख रुपये से अधिक नहीं है। पात्र आवेदकों को विभिन्न प्रकार के छोटे कारोबार शुरू करने के लिए निगम की ओर से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रबंधक ने बताया कि निगम की योजनाओं के तहत करियाना दुकान, मणियारी की दुकान, कॉमन सर्विस सेंटर, फल एवं सब्जी का कारोबार, बर्तन की दुकान या फेरी, कपड़े का कारोबार, मोबाइल रिपेयरिंग, बिजली से संबंधित कार्य या दुकान, फर्नीचर का काम, ब्यूटी पार्लर और हेयर सैलून सहित अन्य निर्धारित गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा।