कैथल। सोमवार से शुक्रवार तक चलने वाले जिला स्तरीय बड़े टीकाकरण अभियान के दृष्टिगत शनिवार को डीसी प्रदीप दहिया ने कलायत, सीवन, गुहला-चीका के विभिन्न कार्यालयों का दौरा किया। इस दौरान निर्देश दिया कि अधिकारी सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। इसमें कोताही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम वीरेंद्र ढुल, नगराधीश अमित कुमार, बीडीपीओ रोजी, तहसील प्रदीप कुमार भी उनके साथ रहे।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से बचाव और कोरोना की तीसरी लहर की आशंकाओं को देखते हुए यह टीकाकरण जरूरी है। शहरी क्षेत्र टीकाकरण के मामले में आशातीत सफलता प्राप्त नहीं कर पाया है। जिले में पहली डोज का 82 प्रतिशत और दूसरी डोज का लगभग 50 प्रतिशत लक्ष्य ही प्राप्त किया गया है। इसीलिए यह अभियान शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को सामने रखकर चलाया जाएगा। कहा कि सभी कार्यालयों में एक द्वार से निकासी रखी जाए और प्रवेश द्वार पर आमजन या कर्मचारी को प्रवेश करने से पहले प्रमाण पत्र दिखाना होगा कि उस व्यक्ति ने टीकाकरण करवाया है या नहीं। अगर नहीं तो उसे टीकाकरण करवाना होगा। उन्होंने आम जन से आह्वान भी किया कि सरकारी कार्यालय में आने से पहले टीकाकरण का प्रमाण पत्र लेकर आएं। इस संबंध में डीसी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ बैठक भी की। इस दौरान अभियान में सहयोग की बात कही। कहा कि सभी चिकित्सक अपने-अपने अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का टीकाकरण जरूर करवाएं। इस मौके पर गुहला एसडीएम नवीन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहुजा, डॉ. नीरज मंगला, डॉ. आरडी चावला, डॉ. जसजीत, डीआईओ दीपक खुराना सहित आईएमए के अन्य सदस्य मौजूद रहे।