फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kaithal News ›   सतीश बंसल ग्रुप ने इतिहास दोहराया-सभी 21 कॉलेजियम में लहराया जीत का परचम

सतीश बंसल ग्रुप ने इतिहास दोहराया-सभी 21 कॉलेजियम में लहराया जीत का परचम

Mon, 15 Jan 2018 12:02 AM IST
Updated Mon, 15 Jan 2018 12:02 AM IST
विज्ञापन
सतीश बंसल ग्रुप ने इतिहास दोहराया-सभी 21 कॉलेजियम में लहराया जीत का परचम

विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सभी तरह के कयासों पर लगाम लगाते हुए सतीश बंसल ग्रुप ने आरकेएसडी प्रबंधक समिति के चुनाव में सुभाष मित्तल ग्रुप का सूपड़ा साफ करते हुए 21 कॉलेजियम में एकतरफा जीत हासिल की। 11 कॉलेजियम मेें हुए चुनाव में बंसल ग्रुप के सभी 11 उम्मीदवार जीत गए। 10 कॉलेजियम सदस्य सर्वसम्मति से चुने जा चुके थे। अब आरकेएसडी कॉलेज संस्थाओं की डोर प्रशासन के हाथ से निकलकर सतीश बंसल ग्रुप के हाथ में होगी। जिसमें साकेत मंगल एडवोकेट आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधक समिति के भावी प्रधान माने जा रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह से चुनाव को लेकर गहमा-गहमी का दौर जारी था। 11 कॉलेजियम के चुनाव के लिए रविवार सुबह 9 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहा। मतदान के दौरान कई बार कहासुनी भी हुई। बिना किसी बड़े विवाद के साढ़े चार बजे तक हुई वोटिंग के बाद करीब 15 मिनट में ही 11 कॉलेजियम में हुई गिनती के परिणाम आने शुरू हो गए। जिसमें सतीश बंसल ग्रुप के सभी 11 उम्मीदवारों ने सुभाष मित्तल ग्रुप के सभी उम्मीदवारों को पराजित कर दिया। जैसे ही जीत की सूचना मिली, उसी समय समर्थकों ने गुलाल उड़ाकर जश्न मनाना शुरू कर दिया। बंसल समर्थकों ने उन्हें कॉलेज के प्रवेश द्वार से कंधों पर उठा लिया। साकेत मंगल, सतीश बंसल, कृष्ण बंसल सहित कई उम्मीदवारों को कंधों पर उठा लिया और रंगों गुलाल से उन्हें रंग दिया। इसके बाद अंबाला रोड पर स्थित बंसल के पेट्रोल पंप तक उम्मीदवारों ने जीत का जश्न मनाया। ढोल की थाप पर जमकर थिरके।
विज्ञापन


सतीश बंसल ने कहा कि उनका लक्ष्य 21-0 का था। जिसके लिए वे दिन रात लगे हुए थे। यह जीत उनकी या ग्रुप की ही नहीं, बल्कि संस्था का हित चाहने वालों की भी है। जिन्होंने संस्था को पहले भी बचाया था। इस बार फिर संस्था को बचाने के लिए लोग आगे आए। उन सभी को बधाई व आभार। वे विश्वास दिलाते हैं कि आरकेएसडी संस्थाएं शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करेगी। चुनाव करवाने के लिए सरकार, कॉलेज प्रशासक एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह व पूरे स्टाफ के आभारी हैं। साकेत मंगल, अश्रिनी शोरेवाला, श्याम सुंदर बंसल, नवनीत गोयल ने कहा कि यह जीत काफी खास है। कुछ लोग बेवजह अफवाहें उड़ा रहे थे। लेकिन उन्हें विश्वास था कि उनका ग्रुप जीतेगा और सभी कॉलेजियम में जीतेगा। सभी को बधाई व सदस्यों का आभार प्रकट करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


वर्ष 2011 में भी सतीश बंसल ग्रुप के पैनल ने हासिल की थी जीत
वर्ष 2011 में हुए चुनाव में भी सतीश बंसल ग्रुप के सभी उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर सुभाष मित्तल ग्रुप को पराजित किया था। उस समय संस्था के प्रधान सुभाष मित्तल थे। इसके बाद प्रधान बने सतीश बंसल ने संस्था में काफी काम करवाया।
तीन साल बाद समाज के हवाले हुई संस्था : वर्ष 1954 से शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था आरकेएसडी में समय पर चुनाव ना होने के चलते वर्ष 2015 में एसडीएम को प्रशासक नियुक्त कर दिया गया था।
साकेत मंगल प्रधान पद के सबसे प्रबल दावेदार : अब इन 21 कॉलेजियम में से आरकेएसडी प्रबंधक समिति का चुनाव होना है। जिसमें पूर्व प्रधान रहे स्व. यूधिष्ठिर कुमार मंगल के पुत्र एवं निवर्तमान महासचिव साकेत मंगल आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधक समिति के संभावित प्रधान हैं। वहीं सतीश बंसल आरकेएसडी संस्थाओं के चेयरमैन बन सकते हैं। सतीश बंसल ने कहा कि सभी साथियों की इच्छा है कि साकेत मंगल प्रधान बनें। वहीं अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि साकेत मंगल ही उनके प्रधान होंगे। इसके अलावा कॉलेजियम सदस्यों में से आरकेएसडी स्कूल, आरकेएसडी संध्याकालीन कॉलेज, आरकेएसडी बीएड कॉलेज, आरकेएसडी फार्मेसी कॉलेज के लिए अलग-अलग प्रधान चुने जाएंगे।

काफी प्रतिष्ठित है आरकेएसडी कॉलेज का चुनाव : आरकेएसडी कॉलेज का चुनाव प्रदेश में काफी प्रतिष्ठित है। पूर्व वित्तमंत्री लाला चरणदास शोरेवाला सहित कई बड़ी हस्तियां यहां प्रधान रह चुकी हैं। कैथल सहित आस-पास के जिलों से बच्चे इन संस्थाओं में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं।

संस्थाओं में लटक सकती है छंटनी की तलवार : पिछले कई सालों में आरकेएसडी कॉलेज की संस्थाओं में कई तरह की नियुक्तियां हुई हैं। जिसमें पहले से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि कई पदों पर प्रबंधक समिति द्वारा छंटनी की तलवार लटकाई जा सकती है। वहीं कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेवारियों में भी बदलाव हो सकता है।

महज 5 नंबर कॉलेजियम में मुकाबले में दिखे सुभाष मित्तल ग्रुप के उम्मीदवार : केवल कॉलेजियम नंबर 5 से सुभाष मित्तल ग्रुप के उम्मीदवार धर्मप्रकाश मित्तल कड़ी टक्कर देते नजर आए। जिन्होंने 41 वोट हासिल किए। उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार महज 2 वोट के अंतर से विजयी हुई। वहीं साकेत मंगल एडवोकेट सर्वाधिक 55 वोटों के अंतर से विजयी हुए। उन्होंने चावल निर्यातक विष्णु भगवान मित्तल की पत्नी रेनू मित्तल को भारी मतों के अंतर से पराजित किया।

चुनाव अधिकारी ने बांटे प्रमाण पत्र : रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार रविंद्र मलिक ने अतिरिक्त उपायुक्त की मौजूदगी में विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करते हुए 21 विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचित प्रमाण पत्र दिए। उप-पुलिस अधीक्षक तरुण सैनी की अगुवाई में मतदान के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति का समय-समय पर जायजा लिया गया तथा मतदान के दौरान कालेज प्रशासक एवं एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम कमलप्रीत कौर तथा तैनात किए गए ड्यूटी मजिस्ट्रेटों द्वारा मतदान व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण भी किया गया। रिटर्निंग अधिकारी मलिक ने परिणाम के बारे में बताया कि 11 कॉलोजियम में कुल 1038 वोट डाले गए जिसमें से 1034 वैध पाए गए।

यह रही 11 कॉलेजियम में परिणाम की तस्वीर
कॉलेेजियम विजेता(प्राप्त वोट) पराजित उम्मीदवार(प्राप्त वोट) अंतर
1 अनिल शोरेवाला(69) अल्पना मित्तल(34) 35
3 बनारसीदास गुप्ता(59) बीरभान जैन(32) 27
4 चंद्रभान (75) धर्मवीर कैमिस्ट(25) 50
5 ज्ञान चंद (जानेंद्र गुप्ता)(43) धर्मप्रकाश मित्तल(41) 2
इस वार्ड में तीसरे उम्मीदवार गौरव को 1 वोट मिला।
6 जयभगवान (55) हुक्म चंद(19) 36
7 कृष्ण बंसल (70) कमल देव मित्तल(17) 53
9 पार्षद महेंद्र थरेजा (54) एडवोकेट मुकेश निरवानी(40) 14
13 अधिवक्ता राम चौधरी (68) राकेश सर्राफ (25)
15 अधिवक्ता साकेत मंगल(82) रेनू मित्तल(27) 55
19 सुनील चौधरी (77) सुरेश कुमार गोयल(27) 50
21 विपिन गोयल(52) विष्णु भगवान मित्तल(42) 10
इनका हो गया था बिना चुनाव के चयन:-
कॉलोजियम 2 से अश्वनी शोरेवाला
8 एडवोकेट महेश कुमार मंगल
10 नरेश कुमार शोरेवाला(टोनी)
11 में पंकज बंसल
12 में प्रेम चंद
14 में रामनिवास जैन
16 में सतीश कुमार बंसल
17 में श्याम लाल
18 में सुदेश कुमार बंसल
20 में सुशील कुमार

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भी पहुंचे : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारतभूषण भारती भी आरकेएसडी कॉलेज चुनाव में वोट डालने के लिए पहुंचे। वहीं हरियाणा रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन डा. मुकेश अग्रवाल ने भी अपने वोट का प्रयोग किया। इसके अलावा कई बुजुर्ग व्हील चेयर पर वोट डालने पहुंचे।


कई बार हुई कहा-सुनी : चुनाव में वोटिंग शुरू होते ही मुख्य हाल के बाहर बैठने को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद उम्मीदवारों के अंदर जाने व बाहर आने पर भी एक दूसरे पक्ष के उम्मीदवारों ने ऐतराज जताया। छिट-पुट कहासुनी के बीच चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।


संशोधित समाचार --------

सतीश बंसल ग्रुप ने सभी 21 कॉलेजियम में लहराया जीत का परचम
आरकेएसडी कॉलेज चुनाव में सुभाष मित्तल ग्रुप का सूपड़ा साफ
11 कॉलेजियम के चुनाव में हासिल की एकतरफा जीत, 10 कॉलेजियम में पहले ही हो चुका है सर्वसम्मति से चुनाव
जीत के बाद मना जश्र
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed