Whimsymaxxing: जेन जी का नया क्रेज, रोजमर्रा की चीजों को नगीनों से सजाने का ट्रेंड क्यों हुआ वायरल?
जेन जी का नया क्रेज अब सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है। रोजमर्रा की चीजों को चमकीले नगीनों से सजाने का ट्रेंड सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें Y2K अंदाज की वापसी और कम खर्च में चीजों को खास बनाने की चाह भी नजर आ रही है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिलचस्प ट्रेंड तेजी से फैल रहा है। लोग कॉफी कप से लेकर फोन कवर मेकअप की बोतल और रोजमर्रा की दूसरी चीजों पर छोटे-छोटे रंगीन नगीनें चिपका रहे हैं। मकसद है साधारण चीजों को चमकदार और देखने में खास बनाना। जेन जी के बीच तेजी से लोकप्रिय हुए इस चलन को Whimsymaxxing कहा जा रहा है।
इस ट्रेंड की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि बड़े ब्रांड भी अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इसे जगह दे रहे हैं। लेकिन इस चमकीले ट्रेंड की शुरुआत कैसे हुई और जेन जी को इसमें इतना मजा क्यों आ रहा है?
काइली जेनर कौन हैं और उनके जन्मदिन से कैसे जुड़ा ट्रेंड?
इस ट्रेंड में काइली जेनर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आया। काइली जेनर अमेरिका की मशहूर मॉडल उद्यमी और रियलिटी टीवी स्टार हैं। वह Kardashian-Jenner परिवार का हिस्सा हैं और अपने सौंदर्य ब्रांड के लिए भी जानी जाती हैं। काइली ने अपनी 29वीं सालगिरह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। आमतौर पर उनके जन्मदिन के जश्न बेहद आलीशान होते हैं।
पहले वह लग्जरी यॉट पर पार्टी करने और पूरे आयोजन स्थल को किराए पर लेने जैसे महंगे इंतजाम कर चुकी हैं। लेकिन इस बार उनका अंदाज अलग था। उन्होंने जन्मदिन की सजावट में रंग बिरंगे Rhinestones का इस्तेमाल किया। प्लास्टिक के कप से लेकर उनके दो बर्थडे केक में से एक तक पर चमकीले नगीनें लगाए गए थे। खास बात यह थी कि इन नगीनों के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं थी। ये आम क्राफ्ट दुकानों में आसानी से मिल जाते हैं। यानी बेहद महंगे जश्न के लिए पहचानी जाने वाली काइली ने इस बार सस्ती और आसानी से मिलने वाली सजावट को अपने जन्मदिन का हिस्सा बनाया।
काइली की तस्वीरें वायरल हुईं तो ट्रेंड और तेजी से फैला
काइली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई कंपनियों और क्रिएटर्स ने इस चलन को अपने तरीके से अपनाना शुरू कर दिया। California की हेल्थ फूड कंपनी ने अपने स्मूदी कपों को Rhinestones से सजाकर तस्वीरें साझा कीं।
सौंदर्य उत्पादों पर भी दिखा चमकीला अंदाज
सौंदर्य से जुड़े ब्रांड भी इस ट्रेंड में शामिल हो गए। एक वायरल वीडियो में एक महिला फेस मास्क लगाने के बाद उसके पैकेट को रंगीन Rhinestones से सजा रही है। इस वीडियो को अब तक 25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे 1.65 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। एक अन्य सौंदर्य कंपनी ने मॉइस्चराइजर परफ्यूम शैंपू और लिप बाम के कंटेनर को चमकीले नगीनों से सजाकर तस्वीरें साझा कीं। इस पोस्ट को करीब 15 हजार लाइक्स मिले।
Whimsymaxxing आखिर है क्या?
सोशल मीडिया पर इस पूरे चलन को Whimsymaxxing नाम दिया गया है। आसान भाषा में इसका मतलब है रोजमर्रा की साधारण चीजों को जानबूझकर ज्यादा रंगीन मजेदार और दिलचस्प बना देना। यानी एक साधारण कॉफी कप को चमकीले नगीनों से सजाना। मेकअप की बोतल को रंगीन बनाना या फोन कवर पर इतनी सजावट करना कि वह तुरंत लोगों का ध्यान खींचे। इस ट्रेंड में महंगी चीज खरीदना जरूरी नहीं है। छोटी और आसानी से मिलने वाली चीजों से भी अपने सामान को नया रूप दिया जा सकता है।
क्या यह लोगों के खर्च करने के तरीके से भी जुड़ा है?
Rhinestones का यह चलन सिर्फ फैशन और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है। इसे लोगों के खर्च करने के तरीके से जोड़कर भी देखा जा रहा है। इसे समझने के लिए Lipstick Index यानी लिपस्टिक सूचकांक को समझना जरूरी है। यह एक आर्थिक विचार है जिसके मुताबिक जब लोगों को आर्थिक मंदी या पैसों की तंगी की आशंका होती है तो वे बड़े और महंगे खर्च कम कर सकते हैं। लेकिन छोटी ऐसी चीजों पर पैसा खर्च करना जारी रख सकते हैं जो उन्हें तुरंत खुशी देती हैं।मसलन महंगे रेस्तरां में जाना या महंगी सदस्यता लेना कम हो सकता है लेकिन लिपस्टिक मिठाई या किसी छोटी सजावटी चीज पर खर्च जारी रह सकता है। Rhinestones इसी तरह के छोटे खर्च का नया उदाहरण हैं। कम पैसे में लोग अपनी रोजमर्रा की चीज को नया रूप दे सकते हैं और उसे सोशल मीडिया पर भी दिखा सकते हैं।
जेन जी के लिए इसमें Y2K की वापसी भी है
इस ट्रेंड का एक कनेक्शन Y2K से भी है। Y2K का मतलब 2000 के आसपास की फैशन और लोकप्रिय संस्कृति से है। उस दौर में चमकीले कपड़े रंगीन एक्सेसरीज और ज्यादा सजावट काफी लोकप्रिय थी। आज जेन जी उसी पुराने अंदाज को नए तरीके से अपना रही है। फर्क यह है कि अब यह चमक सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं है। कॉफी कप फोन कवर मेकअप और दूसरी रोजमर्रा की चीजें भी इसी अंदाज में सजाई जा रही हैं। पिंटरेस्ट की 2025 की ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक 2024 के बाद Y2K It Girl से जुड़े सर्च में 141 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।