बदलता ट्रेंड : 15 सेकंड की रील्स से ऊबी जेन-जी, अब फोन छोड़ बड़े पर्दे पर देख रही क्लासिक और विदेशी फिल्में
रील्स और ओटीटी के लिए पहचानी जाने वाली जेन-जी पीढ़ी का रुझान अब सिनेमाघरों की ओर बढ़ रहा है। युवा सुपरहीरो फिल्मों के साथ पुरानी क्लासिक, मूक सिनेमा और विदेशी भाषा की फिल्में भी पसंद कर रहे हैं। उनके लिए थिएटर में दोस्तों के साथ फिल्म देखना, दो-तीन घंटे फोन से दूर रहना और बड़े पर्दे का अनुभव लेना नया आकर्षण बन गया है। अब फिल्म देखना उनके लिए मनोरंजन के साथ एक खास सामाजिक अनुभव भी बन रहा है।

विस्तार
जेन-जी यानी आजकल की युवा पीढ़ी के लिए अक्सर कहा जाता है कि 15 सेकेंड की रील्स और टिकटॉक से आगे कुछ नहीं देखना चाहते। लेकिन अब एक नया ट्रेंड सामने आ रहा है कि जेन-जी स्मार्टफोन की स्क्रीन और ओटीटी को छोड़कर सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा नहीं है कि युवा पीढ़ी सिर्फ नई ब्लॉकबस्टर या सुपरहीरो फिल्मों तक सीमित है। बल्कि उन्हें सत्तर-अस्सी के दशक की क्लासिक फिल्में, मूक सिनेमा, आर्ट फिल्में और विदेशी भाषा की फिल्में देखना भी खूब भा रहा है।
लेटरबॉक्स जेनरेशन को भा रहीं विदेशी फिल्में
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोग इस पीढ़ी को लेटरबॉक्स जनरेशन कहते हैं। यह नाम फिल्मों की लिस्ट बनाने और रेटिंग देने वाली उस लोकप्रिय वेबसाइट के नाम पर पड़ा है, जिसके 3 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स हैं और इनमें से ज्यादातर 35 साल से कम उम्र के हैं। ये युवा अनसुनी विदेशी फिल्में देख रहे हैं और देशभर के इंडिपेंडेंट सिनेमाघरों की मेंबरशिप लेने के लिए खुशी-खुशी पैसे खर्च कर रहे हैं।
दो घंटे बिना फोन का सुकून
दरअसल, स्क्रीन टाइम से तंग आ चुकी आज की पीढ़ी के लिए सिनेमाघर एक नया ठिकाना बन गए हैं। कई युवाओं का मानना है कि थिएटर में बैठकर 2-3 घंटे बिना फोन छुए फिल्म देखना उनके लिए मानसिक सुकून जैसा है। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के अकेलेपन के मुकाबले दोस्तों के साथ जाकर हंसना, चौंकना और बड़े पर्दे के बैकग्राउंड स्कोर को महसूस करना एक ऐसा अनुभव है जिसे घर की स्क्रीन रीप्लेस नहीं कर सकती।
सिनेमाघर अब एक इवेंट बना
थिएटर मालिकों का कहना है कि युवा सिर्फ फिल्म देखने नहीं आते, वे पूरे माहौल का हिस्सा बनने आते हैं। फिल्मों के हिसाब से खास कॉस्ट्यूम पहनकर आना, थीम-बेस्ड पॉपकॉर्न बकेट कलेक्ट करना, हॉल के बाहर सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाना और फिर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करना अब एक नया लाइफस्टाइल बन चुका है।
जेन-जी को कैमरे के लेंस, आस्पेक्ट रेशियो और लाइटिंग की अच्छी परख है। यही वजह है कि जब थिएटरों में 70एमएम के विंटेज प्रोजेक्टर्स पर फिल्में दिखाई जाती हैं तो युवा प्रीमियम टिकट खरीद केवल प्रोजेक्टर की घरघराहट सुनने और रील प्रिंट के असली अहसास को देखने पहुंचते हैं।