फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Fashion ›   Beauty tips ›   Skin Care Tips basic beauty tools list for beginners

Skin Care Tips: ब्यूटी टूल्स की मदद से घर बैठे चमकाएं अपनी त्वचा, खूबसूरती देख लोग करेंगे तारीफ

Mon, 22 Jul 2024 02:28 PM IST
श्रुति गौड़ लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्रुति गौड़ Updated Mon, 22 Jul 2024 02:28 PM IST
सार

अगर आप महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट में ज्यादा पैसे खर्च किए बिना सुंदर दिखना चाहती हैं तो आजकल बाजार में कई ऐसे ब्यूटी टूल्स उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से आप अपने सौंदर्य को निखार सकती हैं।

विज्ञापन
Skin Care Tips basic beauty tools list for beginners
ब्यूटी टूल्स की मदद से घर बैठे चमकाएं अपनी त्वचा - फोटो : iStock

विस्तार

विनीता
विज्ञापन


अगर आप महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट में ज्यादा पैसे खर्च किए बिना सुंदर दिखना चाहती हैं तो आजकल बाजार में कई ऐसे ब्यूटी टूल्स उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से आप अपने सौंदर्य को निखार सकती हैं। हर महिला की चाहत होती है कि वह सबसे सुंदर दिखे। इस सुंदर दिखने की चाहत और साफ, सुंदर एवं निखरी त्वचा पाने के लिए महिलाएं महंगी क्रीम से लेकर हैवी ट्रीटमेंट कराने तक क्या कुछ नहीं करती है?

मगर हमेशा महंगे ब्यूटी पार्लर में जाकर, महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट पर पैसे खर्च कर पाना संभव नहीं है। इसलिए आजकल महिलाएं हैवी ट्रीटमेंट लेने और पार्लर जाने के बजाय घर पर ही स्किन केयर कर रही हैं और उनके इस स्किन केयर रूटीन में शामिल हो रहे हैं तरह-तरह के ब्यूटी टूल्स।
विज्ञापन


ये ब्यूटी टूल्स सुंदरता को बढ़ाने में भी काफी मददगार साबित हो रहे हैं, जिनका उपयोग आप बहुत आसानी से घर पर ही कर सकती हैं। ये टूल्स आपकी त्वचा से झुर्रियों और दाग-धब्बों को आसानी से दूर कर सकते हैं, चेहरे की असरदार रूप से सफाई कर सकते हैं, ब्लैकहेड्स हटा सकते हैं और चेहरे पर मौजूद सूजन को कम करने तथा मांसपेशियों को आराम देने का काम भी कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


गुआ शा : चीक बोन्स को उभारे

यह एक ऐसा सपाट और चिकना उपकरण यानी टूल है, जिसका उपयोग विभिन्न दिशाओं में चेहरे की मालिश के लिए किया जाता है। पुराने समय में भी इसका उपयोग त्वचा के उपचार के लिए किया जाता था। आमतौर पर इसे जेड या रोज क्वार्ट्ज नामक सेमी-प्रेशियस स्टोन से तैयार किया जाता है। वैसे तो ये टूल कई आकार के हो सकते हैं, लेकिन दिल के आकार वाला स्टोन सर्वाधिक उपयोग में लाया जाता है। यह मांसपेशियों को आराम पहुंचाता है और त्वचा को झुर्रियों से भी बचाए रखता है। यह मुख्य रूप से चीक बोन्स को उभारने और चेहरे को आकार देने की दृष्टि से उपयुक्त है। 

घर पर इसका उपयोग करते समय आप इसका इस्तेमाल माथे से शुरू करें और फिर चीक बोन्स पर हल्के हाथों से रगड़ें। आप स्टोन को नाक के किनारों पर लगाएं और कानों के बाहरी हिस्सों पर रगड़ें। आप गुआ शा स्टोन के इस्तेमाल के लिए फेशियल ऑयल का इस्तेमाल करें। इससे यह चेहरे पर अच्छी तरह फिसलता है और मालिश सही ढंग से हो पाती है। सूखी त्वचा पर इसका उपयोग असुविधजनक हो सकता है। यह हर तरह की त्वचा के लिए उपयोगी है। इसके उपयोग से त्वचा स्वस्थ रहती है। लेकिन अगर आपकी त्वचा पर किसी प्रकार के दाग-धब्बे हैं तो उस स्थान के आस-पास चार बार मालिश करना पर्याप्त होगा।

जेड रोलर : सूजन करे कम

चीन के लोग वर्षों से जेड रोलर का इस्तेमाल करते आ रहे हैं और अब यह वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय हो गया है। यह जेड नामक रत्न से बना ब्यूटी टूल है, जिसे त्वचा पर घुमाया जा सकता है। इसे रोज क्वाट्र्ज और नीलम से भी बनाया जाता है। इसका आकार पेंट करने वाले रोलर की तरह होता है। इसके हैंडल को पकड़कर इसे आगे-पीछे की गति से चलाया जाता है। इसके अलावा कुछ रोलर्स के दो सिरे होते हैं, क्योंकि गालों और माथे के लिए बड़ा रोलर और आंखों के आस-पास के हिस्से के लिए छोटे रोलर की आवश्यकता होती है। यह चेहरे की सूजन को कम करने में भी मददगार होता है।

आइस ग्लोब : चमक उठेगी त्वचा

यह ब्यूटी टूल कांच से बना होता है, जिसके भीतर ठंडा तरल पदार्थ भरा जाता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए इसे पहले कुछ मिनटों के लिए फ्रीजर में रखा जाता है। चेहरे और खासकर आंखों के आस-पास इसका उपयोग हल्के हाथों से किया जाता है। इसके इस्तेमाल से सूजन कम होती है और मृत त्वचा पुनर्जीवित हो उठती है। इस टूल की मदद से रक्त संचार सुचारू होता है और त्वचा में स्थायी रूप से चमक आ जाती है। सीरम या क्रीम के साथ इसका इस्तेमाल करना काफी लाभदायक साबित होता है। चेहरे पर नाक से लेकर गालों तक इसका इस्तेमाल करने से काफी अच्छे परिणाम देखने को मिलते हैं।

मसाज रोलर्स : तनाव होगा दूर

वास्तव में, यह ब्यूटी टूल एक एंटी एजिंग सौंदर्य उपकरण है, जो चेहरे को एक उभरा हुआ लुक देने में मदद करता है। इसकी मदद से चेहरे की मांसपेशियों की अच्छी एक्सरसाइज हो जाती है। कुछ रोलर्स पेन के आकार के होते हैं, जो मालिश करने के साथ चेहरे की त्वचा में कसाव लाते हैं तो कुछ रोलर्स के दोनों सिरों पर दो गोले होते हैं, जो चेहरे का तनाव दूर करने में मददगार होते हैं। ये फेस लिफ्टिंग में भी सहायक होते हैं।

एलईडी फेस मास्क : निखार लाए

जिस तरह एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल फेशियल के लिए किया जाता है, उसी तरह आप इस फेस मास्क की मदद से अपना ब्यूटी ट्रीटमेंट घर बैठे कर सकती हैं। इसका उपचार सुरक्षित है, लेकिन उपयोग से पहले पैकेट पर लिखे निर्देशों को ध्यान पढ़ लेना जरूरी है। ये मास्क आंख, नाक और मुंह को छोड़कर पूरे चेहरे को ढंक देते हैं और एलईडी लाइट्स स्किन का ट्रीटमेंट करने में लग जाती हैं। त्वचा संबंधी समस्याओं, जैसे कि मुंहासे और झुर्रियों के लिए अलग-अलग रंगों की रोशनी का उपयोग किया जाता है। 

हर रंग की रोशनी त्वचा की विभिन्न समस्याओं के समाधान में मददगार होती है, जैसे कि लाल रंग सूजन को दूर करता है, नीला रंग मुंहासों की समस्या से निपटता हैै, पीला रंग किसी भी घाव को तेजी से भरने में सहायक होता है तो हरा रंग हाइपरपिग्मेंटेशन को दूर करने में सहायक होता है। हालांकि भारत में यह फेस मास्क आम लोगों के बीच अभी तक अपनी पहुंच नहीं बना सका है।

क्लींजिंग ब्रश : साफ-मुलायम त्वचा

बैटरी से चलने वाले ये ब्रश मेडिकल ग्रेड सिलिकॉन से बने होते हैं, जो त्वचा पर वाइब्रेशन पैदा करके उसे अच्छी तरह साफ करते हैं। ये डेड स्किन को हटाने में मददगार होते हैं, जिससे नरम और मुलायम त्वचा उभरती है। त्वचा पर इसका इस्तेमाल हल्के हाथों से करें और ज्यादा दबाव न डालें। अगर आपकी त्वचा तैलीय और मुंहासे वाली है तो क्लींजिंग ब्रश से उसे साफ करें। यह मेकअप हटाने में भी मददगार होता है। अगर आप अपनी त्वचा को साफ और सुंदर बनाए रखना चाहती हैं तो इन ब्यूटी टूल्स का इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन प्रॉडक्ट के पैकेट पर लिखे निर्देशों को ध्यान से पढ़ने के बाद ही इनका इस्तेमाल करें।

बिना विशेषज्ञ की सलाह के इस्तेमाल से बचें 

डॉ. सीमा रानी, प्रोफेसर, त्वचा विज्ञान विभाग, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, दिल्ली का कहना है कि ब्यूटी टूल्स के बारे में अभी तक कोई ठोस मेडिकल रिसर्च नहीं हुई है, इसलिए त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह लिए बिना इनका इस्तेमाल नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। अलबत्ता, जिनकी त्वचा सामान्य है, उनके लिए फेस मसाज रोलर और ब्यूटी टूल्स सुरक्षित उपकरण हैं। इनका इस्तेमाल रक्त संचार को बढ़ाता है, लेकिन आंखों के आस-पास की त्वचा पर इनका इस्तेमाल न करें। यह आंखों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

अगर आपको मुंहासे की समस्या है तो फेस क्लींजिंग ब्रश का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे एक्ने और भी बढ़ सकते हैं। अगर आपकी त्वचा अत्यधिक संवेदनशील है तो किसी भी प्रकार के टूल्स के इस्तेमाल से बचें। मसाज के दौरान सीरम के इस्तेमाल से भी स्किन में एलर्जी हो सकती है। एंटी एजिंग का दावा करने वाले टूल्स पर अधिक भरोसा न करें, क्योंकि ये झुर्रियों को अस्थायी रूप से हटाकर एजिंग की प्रक्रिया को धीमा कर सकते है, लेकिन इनके इस्तेमाल से एजिंग की प्रक्रिया को पूरी तरह रोकना असंभव है। एलईडी लाइट से निकलने वाली नीले रंग की रोशनी मुंहासों को दूर करने में सहायक होती है, लेकिन स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लिए बिना इसका इस्तेमाल न करें।


डिसक्लेमर : इस लेख में दी गई सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला इस लेख में दी गई जानकारी को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। त्वचा संबंधी किसी भी तरह की अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all fashion news in Hindi related to fashion tips, beauty tips, fashion trends etc. Stay updated with us for all breaking news from fashion and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed