Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Events Coverage ›   Uttar Pradesh Fear Free Diwali Law and Order Builds Public Confidence Good Governance yogi adityanath

विचार: सुशासन के उजाले में उत्तर प्रदेश की दीपावली

Wed, 11 Nov 2026 03:52 PM IST
अमन तिवारी डॉ. सतीश कुमार शर्मा
डॉ. सतीश कुमार शर्मा Published by: अमन तिवारी Updated Wed, 11 Nov 2026 03:52 PM IST
विज्ञापन
Uttar Pradesh Fear Free Diwali Law and Order Builds Public Confidence Good Governance yogi adityanath
अयोध्या में दीपोत्सव - फोटो : amar ujala
दीपावली केवल अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का पर्व नहीं है, बल्कि यह उस लोक मंगलकारी व्यवस्था का भी प्रतीक है, जिसमें समाज का अंतिम व्यक्ति भी सुख, सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि का अनुभव कर सके। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर प्रज्वलित हुए दीपों का संदेश सदियों बाद भी इसी संदर्भ में प्रासंगिक है कि राज्य की वास्तविक समृद्धि उसके नागरिकों के जीवन में आई प्रसन्नता और सरकार के प्रति उनके भरोसे से मापी जाए।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश में दीपावली का उत्सव इसी व्यापक अर्थ में एक नई अनुभूति के साथ सामने आया है। यह अनुभूति कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास, विकास की गति, सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण और जन कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार के रूप में सामने आई है। कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास को इस दीपावली पर्व के परिप्रेक्ष्य में देखें तो जिस उल्लास और निश्चिंतता के वातावरण में लोगों ने खुशियों का यह पर्व मनाया, वह एक दशक पहले असुरक्षा के अंधकार को चीरता प्रतीत होता है।
विज्ञापन


राजनीति-दर्शन की सबसे पुरानी सीख यही है कि शासन का पहला धर्म नागरिक को भयमुक्त करना है, क्योंकि जो समाज डरा हुआ हो, वह न उत्सव मना सकता है, न उद्यम कर सकता है और न ही स्वप्न देख सकता है। चाणक्य ने राजा के सुख को प्रजा के सुख में निहित बताया था। 8 नवंबर की रात जब प्रदेश के गांव-गांव और शहर-शहर में दीप जले, तो उन दीयों की लौ के साथ एक और चीज जगमगा रही थी और वह था लोगों के मन में जागा सुरक्षा का भरोसा।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कथन कि कानून-व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है, शासन-दर्शन की घोषणा है। यहां एक वैचारिक बात साफ होनी चाहिए। स्वतंत्रता और व्यवस्था को अक्सर एक-दूसरे का प्रतिद्वंद्वी बताया जाता है, जैसे एक को बढ़ाने के लिए दूसरे को घटाना पड़े। किंतु यह भ्रम है, क्योंकि जहां अराजकता है, वहां सबसे पहले कमजोर की स्वतंत्रता छिनती है। इसलिए कानून का सख्त और निष्पक्ष क्रियान्वयन असल में सबसे साधारण नागरिक के पक्ष में खड़ा होना है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विषय को शुरू से ही अपनी शासन-प्राथमिकता के केंद्र में रखा है। उनका स्पष्ट मत रहा है कि कानून का राज समझौते का विषय नहीं है। सितंबर के अंत में जनता दर्शन के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया और इसमें बाधा डालने वालों को सबक सिखाने की बात कही। इस सोच का मूल यह है कि अपराध के प्रति शून्य सहिष्णुता केवल कठोरता नहीं, बल्कि न्याय की पहली शर्त है। जो व्यवस्था अपराधी के प्रति नरम रहती है, वह वस्तुतः पीड़ित के प्रति कठोर होती है।

त्योहारों की सुरक्षा इस कसौटी का सबसे कठिन पाठ है। उत्तर प्रदेश जैसे प्रदेश में हर पर्व पर लाखों लोग एक साथ सड़कों पर उतरते हैं, भीड़ का प्रबंधन और सौहार्द की रक्षा करना आसान काम नहीं है। दीपावली पर बाजारों में उमड़ती भीड़, पटाखों की दुकानें, देर रात तक खुले प्रतिष्ठान, जुलूस और मेले। ऐसे में बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के पर्व का संपन्न होना पुलिस और प्रशासन की तैयारियों का प्रमाण है। 

भयमुक्त वातावरण का सबसे पहला लाभ व्यापारी और छोटे दुकानदार को मिलता है। दीपावली साल भर की कमाई का सबसे बड़ा अवसर होती है। मिठाई वाले, कपड़ा व्यापारी, सराफा कारोबारी, फुटकर विक्रेता और दीये-झालर बेचने वाले, सभी इन्हीं दिनों में अपनी पूंजी का बड़ा हिस्सा दांव पर लगाते हैं। यह दांव तभी लगाया जाता है, जब उन्हें भरोसा हो कि उनकी दुकान, उनका माल और उनका जीवन सुरक्षित है। जब लूट, रंगदारी और उगाही का डर घटता है, तब बाजार में पूंजी भी निकलती है और रौनक भी बढ़ती है। इस तरह कानून-व्यवस्था सीधे आर्थिक विश्वास में बदलती है और यही कारण है कि सुरक्षित माहौल को विकास की पहली सीढ़ी माना जाता है।

इस भरोसे का सबसे संवेदनशील पहलू महिलाओं की सुरक्षा है। त्योहार की शाम को बेटियों और बहुओं का बाजार जाना, मंदिर जाना और पड़ोसियों में मिठाई बांटना सामान्य दृश्य होना चाहिए, लेकिन इसके लिए सुरक्षा का वातावरण अनिवार्य है। इस दीपावली पर महिलाओं और अन्य लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता का भाव मूलतः उनके भीतर आए सुरक्षा-बोध का परिचायक था। यह भी एक बड़ी बात है कि दीपावली पर सांप्रदायिक सौहार्द खुलकर देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार का यह संदेश कि पर्व चाहे किसी का हो, उसे बाधित करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा, भय को नहीं, बल्कि भरोसे को जन्म देता है। भयमुक्त दीपावली का अर्थ यही है कि कोई समुदाय आशंकित न रहे और कोई उपद्रवी निश्चिंत न रहे।

दीपावली का मूल संदेश अंधकार पर प्रकाश की विजय है और शासन की दृष्टि से अंधकार का सबसे बड़ा रूप भय है। जिस रात प्रदेश के करोड़ों घर बिना किसी आशंका के रोशन हुए, उस रात यह साबित हुआ कि दीये की लौ तभी निर्भीक होकर जलती है, जब उसके पीछे कानून की मजबूत ओट हो। पिछले एक दशक से उत्तर प्रदेश भयमुक्त दीपावली मना रहा है और यह आशा हर नागरिक के मन में है कि आने वाले हर पर्व पर यही निश्चिंतता, यही उल्लास और यही उजाला कायम रहेगा।



(अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। लेखक डॉ. सतीश कुमार शर्मा, सीएसएसएस (पीजी) कॉलेज, मेरठ के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हैं।)
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed