फिर से मोबाइल पर लौट रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कहानी, अब दिखेगी सीएम से पीएम तक की ये यात्रा
- सीजन का शीर्षक 'मोदी- सीएम टू पीएम' है।
- इस सीजन की कहानी नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद से शुरू होगी।
- 'मोदी' सीरीज का पहला सीजन 'मोदी- जर्नी ऑफ ए कॉमन मैन' पिछले साल ही रिलीज हुआ था।
विस्तार
ओरिजिनल वेब सीरीज 'मोदी' के दूसरे सीजन के रिलीज की घोषणा हो गई है। इस सीरीज का पहला सीजन 'मोदी- जर्नी ऑफ ए कॉमन मैन' के नाम से रिलीज हुई थी। जबकि, दूसरे सीजन का शीर्षक निर्माताओं ने 'मोदी- सीएम टू पीएम' रखा है। उमेश शुक्ला और आशीष बाग के निर्देशन में बनी इस सीरीज का दूसरा सीजन नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक की कहानी बताएगा।
'मोदी' सीरीज का पहला सीजन 'मोदी- जर्नी ऑफ ए कॉमन मैन' पिछले साल ही रिलीज हुआ था। इस पॉलिटिकल ड्रामा वेब सीरीज को न तो दर्शकों ने ज्यादा देखा और न ही इसे समीक्षकों से ज्यादा प्यार मिला। पहले सीजन में मोदी की किशोरावस्था का किरदार फैजल खान ने निभाया जबकि युवावस्था का किरदार निभाने के लिए आशीष शर्मा सीरीज में थे। नरेंद्र मोदी की आगे की यात्रा अब अभिनेता महेश ठाकुर तय कर रहे हैं। इसके अलावा अभिनेत्री प्राची शाह ने मोदी की मां हीराबेन मोदी का किरदार निभाया है जबकि अभिनेता दर्शन जरीवाला उनके पिता दामोदरदास मूलचंद मोदी के किरदार में नजर आए।
सीरीज के दूसरे सीजन का शीर्षक 'मोदी- सीएम टू पीएम' है। इसके हिसाब से इस सीजन की कहानी नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद से शुरू होगी और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के प्रधानमंत्री बनने तक दिखाई जाएगी। कहानी नरेंद्र मोदी की है इसलिए उनके जीवन में घटी सभी घटनाओं को इस वेब सीरीज की कहानी का हिस्सा बनाया गया है। दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने फैसला लिया है कि वह इस वेब सीरीज को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और गुजराती भाषा में भी रिलीज करेंगे।
सीरीज में नरेंद्र मोदी का किरदार निभा रहे अभिनेता महेश ठाकुर ने अपना उत्साह जाहिर करते हुए कहा, 'बचपन से ही हमने अक्सर अपने पीएम नरेंद्र मोदी की अद्भुत यात्रा के बारे में सुना है। यह एक ऐसी कहानी है जिसने हमारे राष्ट्र के इतिहास में एक प्रतिष्ठित स्थान बनाया है। इस तरह के बेहतरीन चरित्र को ईमानदारी से निभाना मेरे लिए एक सम्मान की बात है। लेकिन, उससे कहीं ज्यादा मेरे लिए यह जिम्मेदारी से भरा काम है। मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं और दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया का इंतजार भी कर रहा हूं। मुझे भरोसा है कि दर्शक इसे जरूर पसंद करेंगे।' सीरीज का यह दूसरा सीजन 'मोदी- सीएम टू पीएम' 12 नवंबर को ओटीटी पर रिलीज होगा।
पढ़ें: रिया चक्रवर्ती के आरोपों को सीबीआई ने बताया काल्पनिक, बोले- सुशांत की बहनों पर FIR गैरकानूनी है