वेटिंग है: जारी हुआ सीरीज का ट्रेलर, पुलिस वाले के किरदार में दिखे दिव्येंदु, रेलवे टिकट स्कैम की कर रहे जांच
Waiting Hai Trailer Release: अपकमिंग सीरीज 'वेटिंग है' का ट्रेलर जारी हो गया है। इसमें अभिनेता दिव्येंदु एक रेलवे पुलिस वाले का किरदार निभा रहे हैं।
विस्तार
'वेटिंग है' सीरीज के ट्रेलर में कन्फर्म रेलवे टिकट पाने के आम संघर्ष पर आधारित कहानी की झलक दिखाई गई है। पटना में सेट इस सीरीज की कहानी सुगम मिश्रा (दिव्येंदु) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रेलवे कॉन्स्टेबल के तौर पर अपनी नई नौकरी में जमने की कोशिश कर रहा है। कहानी में मोड़ तब आता है जब वह देखता है कि बुकिंग विंडो खुलने के कुछ ही सेकंड में रेलवे टिकट कन्फर्म हो जाते हैं।
सुगम मामले की जांच शुरू करता है और जल्द ही अफरोज हम्सा (भुवन अरोड़ा) का पीछा करने लगता है। अफरोज एक टेक एक्सपर्ट है, जिसने टिकट बुकिंग सिस्टम का तोड़ निकाल लिया है। जो मामला शुरू में आसान लगता है, वह जल्द ही एक बड़े रैकेट में बदल जाता है।
सुगम की पत्नी प्रिंसी (हर्षिता गौर) भी उसे मामले की गहराई से जांच करने के लिए कहती है। जैसे-जैसे सुगम सच्चाई के करीब पहुंचता है, अफरोज उससे आगे रहने की कोशिश करता है।
सीरीज के ट्रेलर में सुगम और उनकी पत्नी के बीच संघर्ष भी दिखता है। सुगम अपने परिवार और अपनी नौकरी के बीच तालमेल बिठाते हुए नजर आते हैं। सीरीज में कॉमेडी का डोज भी है।
अपकमिंग सीरीज को लेकर दिव्येंदु ने कहा, 'सुगम की जिस बात ने मुझे आकर्षित किया, वह यह है कि वह कोई आम पुलिस वाला नहीं है जिसे सब कुछ पता हो। वह प्रोफेशनल तौर पर अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है और साथ ही अपनी पर्सनल और नई शादीशुदा जिंदगी की सच्चाइयों का भी सामना कर रहा है। यह बैलेंस उसे बहुत रिलेटेबल बनाता है। मुझे उसके इस पहलू को एक्सप्लोर करने में मजा आया।'
कौन हैं निर्देशक?
- इस सीरीज को नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर समीर विद्वंस ने डायरेक्ट किया है।
- 'वेटिंग है' में हर्षिता गौर, कुमुद मिश्रा, विजय मौर्य, सृष्टि तारे और सुनीता राजवार भी अहम रोल में हैं।
- इस सीरीज को ज्योति देशपांडे और अजय राय ने प्रोड्यूस किया है और इसे जियो स्टूडियोज ने पेश किया है।
- यह सीरीज 16 सितंबर 2026 से प्राइम वीडियो और MX प्लेयर पर स्ट्रीम होगी।