‘फैमिली मैन’ को शिवगामी से लड़ाने की तैयारी, प्राइम वीडियो व नेटफ्लिक्स ने तेज की 2021 की मोर्चेबंदी
जी5 की ओरीजनल फिल्म ‘रात बाकी है’ की रिलीज अगले साल तक खिसकने के बाद अब प्राइम वीडियो की बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘द फैमिली मैन’ का अगला सीजन भी अगले साल तक आगे खिसक गया है। इस बीच खबर ये भी है कि ये सीरीज अगले साल नेटफ्लिक्स की उस बहुप्रतीक्षित सीरीज के साथ रिलीज हो सकती है जो सुपरहिट फिल्मों ‘बाहुबली’ की प्रीक्वेल के तौर पर बनती रही है।
मनोज बाजपेयी की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' के बारे में कहा जा रहा है कि इसका पोस्ट प्रोडक्शन काम ही नहीं पूरा हो पा रहा है। सीरीज की शूटिंग कोरोना संक्रमण काल से पहले ही हो चुकी है, इसके बावजूद सिर्फ स्पेशल इफेक्ट्स और वीएफएक्स का काम बीते 11 महीनों में पूरा न हो पाने को लेकर अलग अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। प्राइम वीडियो की ये महात्वाकांक्षी सीरीज रही है, इसलिए इसके कंटेंट को लेकर सरकारी की तरफ से कोई आपत्ति न हो इसका ध्यान भी अभी से रखा जा रहा है।
पिछले साल रिलीज हुई वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' के पहले सीजन को देखने वाले दर्शक इसके दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस सीरीज के निर्देशक राज निदिमोरू और कृष्णा डीके इसे दिसंबर 2020 में रिलीज करने वाले थे। यह सीरीज अब अपने काम में पिछड़ती जा रही है।
ओटीटी के करीबी सूत्र बताते हैं कि यह सीरीज दिसंबर की बजाए अब अगले साल फरवरी में रिलीज होगी। कहा ये भी जा रहा है कि प्राइम वीडियो की तैयारी इस सीरीज को नेटफ्लिक्स की उस सीरीज के सामने लॉन्च करने की है जिसे ‘बाहुबली’ सीरीज की फिल्मों का प्रीक्वेल माना जा रहा है। ये सीरीज आनंद नीलकंठन के उपन्यास ‘द राइज ऑफ शिवगामी’ पर बन रही है और इसका भी बेसिक शूटिंग का काम पूरा हो चुका है।
'द फैमिली मैन' का पहला सीजन दर्शकों को बहुत पसंद आया। यह कहानी नेशनल इंटेलिजेंस एजेंसी के एक अफसर श्रीकांत तिवारी की है जो खुफिया तौर पर राष्ट्र के लिए अपने काम को अंजाम देता है। एक तरफ वह आतंकी हमलों और उनकी गतिविधियों को नाकाम करता है और दूसरी तरफ वह अपने परिवार की भी एक परिवारिक इंसान की तरह देखभाल करता है। सीरीज के पहले सीजन में मनोज बाजपेयी के साथ प्रियमणि, शारिब हाशमी, नीरज माधव, गुल पनाग जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में रहे। इसके दूसरे सीजन में दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री समांथा अक्किनेनी का नाम भी जुड़ रहा है।