Tirupati Laddu Controversy: तिरुपति लड्डू विवाद पर पवन कल्याण-प्रकाश राज के बीच छिड़ी जुबानी जंग, किए तीखे हमले
आंध्र के डिप्टी सीएम व साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण और अभिनेता प्रकाश राज के बीच तिरूपति प्रसादम विवाद और लड्डुओं में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई। दोनों ने एक-दूसरे पर तीखे वार किए हैं।
विस्तार
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण और फिल्म अभिनेता प्रकाश राज के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बहस छिड़ गई है। दरअसल, दोनों के बीच तिरुपति लड्डू विवाद को लेकर जुबानी जंग चल रही है। इस बीच अब पवन कल्याण ने फिल्म उद्योग पर धर्म से जुड़े मुद्दों को हल्का बनाने का आरोप लगाया। पवन आज मंगलवार सुबह विजयवाड़ा पहुंचे और 11 दिवसीय प्रायश्चित दीक्षा के तहत शुद्धिकरण अनुष्ठान किया। उन्होंने प्रकाश राज पर उनकी धर्मनिरपेक्षता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। इसके बाद प्रकाश राज ने कहा कि वह पवन कल्याण के बयान का जल्द ही जवाब देंगे।
पवन कल्याण का बयान
पवन कल्याण ने कहा, 'मैं हिंदू धर्म की पवित्रता और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे मुद्दों पर बात कर रहा हूं। मुझे इन मामलों पर क्यों नहीं बोलना चाहिए? प्रकाश राज, मैं आपका सम्मान करता हूं और जब धर्मनिरपेक्षता की बात आती है तो यह आपस की बात होना चाहिए। मुझे समझ में नहीं आता कि आप मेरी आलोचना क्यों कर रहे हैं। क्या मुझे सनातन धर्म पर हमलों के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए?'
प्रकाश को दी सबक सीखने की सलाह
पवन कल्याण ने आगे कहा, 'प्रकाश को सबक सीखना चाहिए। फिल्म उद्योग और अन्य लोगों को इस मुद्दे को हल्के में नहीं लेना चाहिए। मैं सनातन धर्म के बारे में बहुत गंभीर हूं। कई आलोचकों ने अयप्पा और देवी सरस्वती को निशाना बनाया है। सनातन धर्म का बहुत महत्व है। इस संबंध में हर हिंदू को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। अगर अन्य धर्मों में भी इसी तरह के मुद्दे उठे तो व्यापक आंदोलन होगा।'
प्रकाश राज ने दिया जवाब
वहीं, एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए प्रकाश राज ने पवन कल्याण के जुबानी हमलों का जवाब दिया। प्रकाश राज ने कहा, 'प्रिय पवन कल्याण गारू, मैंने आपकी प्रेस मीट देखी। मैंने जो कहा और आपने जो गलत व्याख्या की, वह आश्चर्यजनक है। मैं विदेश में शूटिंग कर रहा हूं। मैं आपके सवालों का जवाब देने के लिए वापस आऊंगा। इस बीच मैं आभारी रहूंगा, यदि आप मेरे पिछले ट्वीट को देख सकें और समझ सकें।'
पवन ने जताई थी विवाद पर चिंता
इससे पहले पवन कल्याण ने तिरुपति-तिरुमाला मंदिर में लड्डू बनाने में पशु चर्बी के कथित इस्तेमाल के बारे में बोलते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सनातन धर्म रक्षण बोर्ड की स्थापना की बात कही थी। एक्स पर पोस्ट साझा कर पवन कल्याण ने कहा, 'तिरुपति बालाजी प्रसाद में पशु वसा (मछली का तेल, सूअर की चर्बी और गाय की चर्बी) मिलाए जाने की बात से हम सभी बहुत परेशान हैं। वाईसीपी सरकार द्वारा गठित टीटीडी बोर्ड को कई सवालों के जवाब देने थे। हमारी सरकार सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन यह मंदिरों के अपमान, भूमि संबंधी मुद्दों और अन्य धार्मिक प्रथाओं से जुड़े कई मुद्दों को उजागर करता है।'
सनातन धर्म रक्षण बोर्ड का गठन का आग्रह
उन्होंने आगे कहा, 'अब समय आ गया है कि पूरे भारत में मंदिरों से संबंधित सभी मुद्दों पर विचार करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सनातन धर्म रक्षण बोर्ड का गठन किया जाए। सभी नीति निर्माताओं, धार्मिक प्रमुखों, न्यायपालिका, नागरिकों, मीडिया और अन्य सभी लोगों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर बहस होनी चाहिए। मुझे लगता है कि हम सभी को किसी भी रूप में सनातन धर्म के अपमान को रोकने के लिए एक साथ आना चाहिए।'
पवन पर प्रकाश का हमला
इस पर जवाब देते हुए प्रकाश राज ने लिखा था, 'प्रिय पवन कल्याण, यह घटना उस राज्य में हुई है, जहां आप डीसीएम हैं। कृपया जांच करें और दोषियों का पता लगाएं तथा कड़ी कार्रवाई करें। आप आशंकाएं क्यों फैला रहे हैं और इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर क्यों उछाल रहे हैं? देश में सांप्रदायिक तनाव पहले से ही काफी है। केंद्र में आपके मित्रों का धन्यवाद।'