Rupali Ganguly: रूपाली गांगुली ने साझा की एक पोस्ट, सौतेली बेटी ईशा को नाम लिए बगैर दिया जवाब
कल टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ की अभिनेत्री रूपाली गांगुली की सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने उन्हें लेकर एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर साझा किया था। अब ईशा का नाम लिए बगैर रूपाली ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके उन्हें जवाब दिया है।
विस्तार
रूपाली गांगुली की छवि टीवी पर एक बेहतरीन अभिनेत्री की है। असल जिंदगी में भी लोगों की उनके बारे में राय अच्छी रही है। लेकिन ऐसी राय उनके परिवार से जुड़े लोगों की नहीं है। दरअसल, सौतेली बेटी ईशा वर्मा (पति की पहली शादी से हुई बेटी) ने रूपाली पर पिछले महीने कई गंभीर आरोप लगाए। कल भी एक पोस्ट के जरिए ईशा ने रूपाली का नाम लिए बगैर अपनी परेशानियों और दुख का जिक्र किया। अब इसका जवाब रूपाली ने भी एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दिया है।
क्या है पूरा मामला
ईशा वर्मा और रूपाली गांगुली के बीच पिछले महीने से एक विवाद चल रहा है। टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ की मुख्य अभिनेत्री रूपाली गांगुली पर उनकी सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने एक आरोप लगाया कि जिसमें उन्होंने कहा कि रूपाली ने उन्हें पिता से दूर किया है। इसके बाद रूपाली ने ईशा को 50 करोड़ का मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा। ऐसे में ईशा ने जिन वीडियो में रूपाली पर आरोप लगाए, उन्हें डिलीट कर दिया। अब फिर से वह इंस्टाग्राम पर एक्टिव हो गई हैं और रूपाली को निशाना बना रही हैं।
ईशा ने पोस्ट के जरिए अपना दर्द बयां किया
ईशा वर्मा ने कुछ कल अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के स्टोरी सेक्शन में एक लंबी पोस्ट शेयर की। इसमें वह लिखती हैं, ‘एक बच्चे को सच बोलने के लिए सजा नहीं मिलनी चाहिए। बालिग होने के बावजूद मैं अपने पिता की बेटी हूं। लेकिन उनका जो रेस्पॉन्स मेरे बयान को लेकर आया वह क्रूर है। इस तरह से उन्होंने अपना असली किरदार दिखा दिया।’ इस बात में ईशा ने रूपाली का नाम नहीं लिया लेकिन इशारा उनकी तरफ ही था। वह उन्हें क्रूर कह रही हैं।
रूपाली ने भी पोस्ट करके जवाब दिया
आज रूपाली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्टर शेयर किया है। जिस पर लिखा है, ‘लोग आपके हिस्से की कहानी नहीं जानते हैं, इसलिए उनके साथ अच्छे से रहें और आपको किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है।’ इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रूपाली, ईशा की ही बातों का जवाब दे रही हैं। इस पोस्ट को करने से पहले रूपाली 55वें फिल्म फेस्टिवल में भी नजर आईं। वह फेस्टिवल में काफी खुश नजर आ रही थी।