{"_id":"5bd3166a-1133-11e2-a185-d4ae52ba91ad","slug":"sneak-peek-inside-bigg-boss-6-house","type":"story","status":"publish","title_hn":"आइए, बिग बॉस के नए हाइटेक घर की सैर करें","category":{"title":"Television","title_hn":"छोटा पर्दा","slug":"television"}}
आइए, बिग बॉस के नए हाइटेक घर की सैर करें
दिनेश श्रीनेत
Updated Mon, 08 Oct 2012 04:01 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई से कई किलोमीटर दूर पहाड़ियों के बीच बसा एक छोटा सा शहर लोनावला। जहां इन दिनों अक्सर बारिश होती रहती है। यहां एक फैक्टरी की टूटी-फूटी सड़कों से गुजरते दो भारी-भरकम गेट पार करके हम भीतर आते हैं तो लगता है, किसी वर्कशाप में कदम रख रहे हैं। चारो तरफ मजदूर, कारपेंटर और काली वर्दी में कमर में वॉकी-टॉकी लटकाए सिक्योरिटी गार्ड्स। बेतरतीब उगी घास के बीच पतली सड़क से पर थोड़ा आगे चलते पर चारो तरफ से बंद बिग बॉस हाउस नज़र आता है।
विज्ञापन
मगर चमकती नीली आँखों वाले बिग बॉस सीज़न 6 का लोगो लगा दरवाजा खोलकर भीतर कदम रखते ही बिल्कुल अलग नज़ारा दिखेगा। आप एक खूबसूरत और रंगीन लॉन में कदम रखते हैं। बायीं तरफ एक छोटा सा स्वीमिंग पूल और दाहिनी ओर एक्वेरियम। बीच ईंटों से सजी पगडंडी और कृत्रिम घास। यह है बिग बॉस का नया घर।
विज्ञापन
प्रतिभागियों के बारे में सस्पेंस, शो को पारिवारिक बनाने का दावा और प्राइम टाइम स्लाट के कारण बिग बॉस सीज़न 6 में लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। इन दिलचस्पियों में एक और इजाफा बिग बॉस हाउस के नए डिज़ाइन ने किया है।
विज्ञापन
बिग बॉस हाउस न सिर्फ पहले से बड़ा होगा बल्कि इसको डिज़ाइन करने में काफी रकम खर्च की गई है। सेट बनाने में मदद ली गई है 'ओम शांति ओम', 'रा.वन' और 'रोबोट' जैसी फिल्मों का सेट डिजाइन करने वाले साबू सिरिल की। जैसी साबू से उम्मीद है उन्होंने इस बार बिग बॉस हाउस को हाइटेक लुक देने की कोशिश की है।
इस डि़जाइन में फन एलीमेंट्स भी हैं। बाहर लॉन में और भीतर दीवारों पर मौजूद गांधी के तीन बंदर इसका उदाहरण हैं। भीतर लिविंग रूम तक जाने के लिए एक हरी-भरी घास वाले वाक-वे से होकर गुजरना पड़ता है। इसी तरह से दोनों बेडरूम और लिविंग रूम के बीच में भी खाली स्पेस है।
लिविंग रूम को साबू ने ज्यामितीय आकारों से सजाया है। कोई भी चीज पूरी तरह से चौकोर या आयताकार नहीं है। टेबल भी पांच कोणों वाले आड़े-तिरछे डिजाइन में है। लिविंग रूम में दो तरफ सोफे लगे हैं। फर्श पर जेब्रा जैसी धारियों वाला डिजाइन है। जिस टीवी पर बिग बॉस लोगों से रू-ब-रू होंगे, उसके पीछे दीवारों पर कैलीग्राफी की गई है।
एंट्री करते ही सबसे आखिर में किचन दिखता है। बीच मे डाइनिंग टेबल दोनों को अलग करता है। यहां के पूरे डिजाइन में सिर्फ तीन रंगों का इस्तेमाल हुआ है, रेड, व्हाइट और ग्रे। लिविंग रूम से ही आप कन्फेशन रूम में भी जा सकते हैं। इसका डिज़ाइन देखकर बैटमैन की कोई फिल्म याद आ जाए तो चौंकिएगा नहीं। हां, कन्फेशन रूम की ग्रे चेयर कुछ ऐसी ही है।
अब बात करते हैं बेडरूम की। पहले कमरे में स्टारफिश की स्टाइल का बेड शायद इस बार कांटेस्टेंट्स को सबसे ज्यादा तकलीफ देगा। स्टारफिश जैसे इस बेड में सबके पांव एक सेंटर में होंगे और सिर बाहरी हिस्से की तरफ। यानी हर प्रतिभागी को ऐसा लगेगा कि बाकी पांच लोग उसे देख रहे हैं। ट्रांसपरेंट शीशे से विभाजित दूसरे बेडरूम में राहत है। यहां पर कुल चार डबल बेड पड़े हैं। पहले बेडरूम को चटक पीले रंग से खुशनुमा बनाने की कोशिश की गई है तो दूसरे में लाल रंग की थीम है।
अपनी खिचड़ी फ्रैंचकट दाढ़ी पर हाथ फेरते हुए साबू बताते हैं कि यह हाउस डिजाइन करना उनके लिए भी एक चैलेंज था। हाइटेक लुक के बावजूद वे इसे घरेलू और विश्वसनीय बनाए रखना चाहते थे। यही वजह है कि इस बार घर में कोने ज्यादा हैं। जहां लोग अकेले या किसी के साथ बैठकर अपना तनाव हल्का कर सकें और टकराव की नौबत कम आए। गांधी जी के बंदरों की मूर्तियां, एक्वेरियम और तोता भी लोगों को खुश रखने में मदद करेंगे।
फिलहाल तो बिग बॉस का क्र्यू काफी खुश लग रहा है। इस बार हाउस का एरिया 15000 स्वायर फीट में फैला हुआ है। पिछली बार 55 कैमरे लगे थे, इस बार 70 कैमरे लगे हैं। करीब 30 कैमरापरसन और इतने ही एडीटर का टेक्निकल स्टाफ भी पर्दे के पीछे से इस रियलिटी शो को लोगों तक पहुंचाने का इंतजाम करेगा।
सात अक्तूबर से करीब 250 लोग यहां दिन और रात काम करेंगे। जब लोग सर्दियों में काफी की चुस्कियों के बीच या रजाई में दुबके इस रियलिटी ड्रामे का मजा ले रहे होंगे तो कोई फुटेज एडिट करेगा और कोई कैमरों पर नज़र रखेगा। अगले तीन महीनों तक लोनावला में भी खासी चहल-पहल रहने वाली है।