ऋद्धि और मोनिका की राह चलीं किश्वर मर्चेंट, करना चाहती हैं ये लीक से हटकर किरदार
- एक हसीना थी, इतना करो ना मुझे प्यार, हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों का हिस्सा रह चुकीं अभिनेत्री किश्वर मर्चेंट
- पिछले लगभग दो दशक से किश्वर टीवी पर लगातार सास-बहू और पारिवारिक झगड़ों का हिस्सा रहीं हैं
विस्तार
जी5 और आल्ट बालाजी के निर्माणाधीन शो ए मैरीड वूमन का टीजर आने के बाद से तमाम फिल्म अभिनेत्रियां अब ऋद्धि डोगरा और मोना डोगरा की तरह से लीक से इतर काम करने को उत्सुक होने लगीं हैं। एक हसीना थी, इतना करो ना मुझे प्यार, हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों का हिस्सा रह चुकीं अभिनेत्री किश्वर मर्चेंट का नाम भी इसी लिस्ट में जुड़ा है। उन्हें एक ऐसे किरदार की तलाश है जो उनके भीतर के कलाकार में दबी एक समलैंगिक किरदार करने की इच्छा को पूरा कर सके।
पिछले लगभग दो दशक से किश्वर टीवी पर लगातार सास-बहू और पारिवारिक झगड़ों का हिस्सा रहीं हैं। वे ओटीटी के जमाने में पर्दे पर मिली आजादी का फायदा उठाना चाहती हैं। वह कहती हैं, 'मैं किसी फिल्म या वेब सीरीज में एक समलैंगिक महिला का किरदार निभाना चाहती हूं। उसके लिए मैं किसी हुनरमंद निर्माता की तलाश कर रही हूं। वे इस विषय को बहुत ही शालीनता से परोसेंगे। अगर मैं समझदार निर्माताओं के साथ काम करूंगी तो मुझे ज्यादा बोल्ड सीन नहीं देने पड़ेंगे, और कहानी का संदेश भी दर्शकों तक भली-भांति पहुंच जाएगा।'
किश्वर मर्चेंट टीवी की अकेली ऐसी अभिनेत्री नहीं हैं, जिन्होंने सिनेमा में ओटीटी के दखल के बाद ऐसे किसी चुनौतीपूर्ण किरदार को करने की ठानी है या इच्छा जाहिर की है। हाल ही में टीवी की ही अदाकारा ऋद्धि डोगरा और मोनिका डोगरा ने ऑल्ट बालाजी की एक वेब सीरीज 'ए मैरिड वूमन' साइन की है। इसमें ये दोनों अभिनेत्रियां समलैंगिक संबंध रखने वाली महिलाओं का किरदार निभाएंगी। यह सीरीज मंजू कपूर की इसी नाम से प्रकाशित हुई एक किताब पर आधारित है। ऋद्धि डोगरा इन दिनों ओटीटी वूट पर रिलीज हुई सीरीज असुर में सीबीआई की फोरेंसिक एक्सपर्ट का किरदार निभाते हुए दिख रही हैं।
पढ़ें: कनिका कपूर पर इस गायिका का फूटा गुस्सा, कोरोना से लापरवाही करने पर कहा- 'गैर जिम्मेदाराना बेवकूफ'