Bigg Boss 15: घर में हुई राखी सावंत के पति रितेश की धमाकेदार एंट्री, शादी के दो साल बाद दिखा चेहरा, वायरल हुई फोटो
बिग बॉस 15 में राखी सावंत के पति रितेश ने एंट्री कर ली है। सोशल मीडिया पर अब उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिस पर फैंस अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
विस्तार
टीवी का सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ जब से टेलीकास्ट हुआ है, तब से ही सुर्खियों में बना हुआ है। शो में रोजाना टर्न और ट्विस्ट आ रहे हैं जिससे गेम और ज्यादा मजेदार होता जा रहा है। बिग बॉस के घर से तीन कंटेस्टेंट्स बाहर हो चुके हैं। जय भानुशाली, विशाल कोटियन और नेहा भसीन तीनों घर से एविक्ट हो गए हैं और अब बिग बॉस के जंगल में वाइल्ड कार्ड की धमाकेदार एंट्री हो चुकी है। शो में राखी सावंत, रश्मि देसाई और देवोलीना भट्टाचार्जी बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट्स के रूप में आ चुकी हैं। इस सीजन की मजेदार बात ये है कि राखी सावंत के साथ बिग बॉस 15 के घर में उनके पति रितेश भी एंट्री कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर रितेश की एक तस्वीर वायरल हो रही है।
दरअसल, बिग बॉस के घर में एक शख्स ने राखी सावंत के पति के रूप में एंट्री की है, जिसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर भी दावा किया जा रहा है कि वायरल तस्वीर में नजर आ रहा व्यक्ति राखी सावंत का पति रितेश है। वहीं, रितेश की पहली तस्वीर सामने आने के बाद अब लोग उन पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में राखी सावंत के पति का गेम देखने की इच्छा जाहिर की है।
बता दें कि राखी सावंत ने बिग बॉस 14 में बतौर चैलेंजर बनकर एंट्री की थी। इस दौरान राखी ने घर में अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई खुलासे किए थे। राखी ने देवोलीना और राहुल वैद्य को अपनी शादी से जुड़े कई राज बताए थे जिससे शो की टीआरपी को काफी ज्यादा फायदा हुआ था। हालांकि, सीजन 14 के दौरान भी कई रिपोर्ट्स सामने आई थीं, जिसमें दावा किया गया कि रितेश बिग बॉस के घर में एंट्री ले सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस सीजन में मेकर्स उन्हें लेकर आए हैं।
बिग बॉस 15 से जय भानुशाली, नेहा भसीन और विशाल कोटियन बाहर हो चुके हैं और अब घर में जो सबसे मजबूत कंटेस्टेंट्स बनकर उभरे हैं, उसमें उमर रिजाय, प्रतीक सहजपाल और तेजस्वी प्रकाश का नाम शामिल है। तीनों के खेल को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और अब उनके सामने रश्मि देसाई, देवोलीना और राखी ने एंट्री ली है, जो खेल को और मजेदार बनाएगा।