Actor Vijay: वक्फ एक्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे साउथ एक्टर विजय, जानिए क्या है पूरा मामला?
तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) पार्टी के अध्यक्ष और दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर एक्टर विजय ने वक्फ एक्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला लिया है। वह पहले भी मुखर होकर अल्पसंख्यकों के हितों की बात कर चुके हैं।
विस्तार
इन दिनों वक्फ एक्ट का मुद्दा देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस एक्ट के पास होने के बाद विपक्षी पार्टियां सरकार का विरोध कर रही हैं। हाल ही में राजनिति में सक्रिय हुए साउथ एक्टर विजय भी वक्फ एक्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। जानिए, क्या है ये पूरा मामला?
सरकार के फैसले को चुनौती
हाल ही में दोनों सदनों में बहुमत से पास हुए वक्फ एक्ट के खिलाफ साउथ एक्टर विजय सुप्रीम कोर्ट जाने का मन बना चुके हैं। वह सरकार के इस फैसले, वक्फ एक्ट को चुनौती देने का फैसला कर चुके हैं। विजय सिर्फ एक्टर नहीं है, वह तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। एएनआई के अनुसार विजय वक्फ एक्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर चुके हैं।
लोकतंत्र पर सवालिया निशान लगाने की बात कही
पिछले दिनों भी अभिनेता विजय ने वक्फ एक्ट का विरोध किया था। उनका कहना था कि यह एक्ट पारित होने का अर्थ है कि हम लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।’ इसके अलावा विजय ने यह भी स्पष्ट किया था कि वह इस मामले में अल्पसंख्यकों के साथ खड़े हैं और उनके साथ मिलकर मौजूदा केंद्र सरकार का विरोध करेंगे।
ये लोग भी कर रहे हैं विरोध
वक्फ एक्ट का विरोध सिर्फ साउथ के एक्टर विजय ही नहीं कर रहे हैं, कई राजनेता भी इस लिस्ट में शामिल हैं। इसमें सांसद असदुद्दीन ओवैसी सबसे आगे हैं। वहीं आप आदमी पार्टी से जुड़े अमानतुल्लाह खान भी इस एक्ट का विरोध कर रहे हैं। कई और नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं।