Manjummel Boys Actor Ganapathi Arrested: शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप, मुसीबत में पड़ गए अभिनेता गणपति
दक्षिण भारतीय फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' से प्रसिद्ध हुए अभिनेता गणपति को हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर नशे में तेज गाड़ी चलाने का आरोप लगा है।
विस्तार
एक रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' के कलाकार गणपति एक दिक्कत में पड़ गए हैं। उन्हें एर्नाकुलम में कलामस्सेरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि वह शराब पीकर तेज स्पीड में गाड़ी चला रहे थे। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।
शराब के नशे में चलाई गाड़ी
पुलिस के अनुसार अभिनेता गणपति को ओवरस्पीडिंग करते हुए देखा। ऐसे में उन्हें रोका गया तो वह भाग गए। पुलिस ने अभिनेता का पीछा किया और उनका शराब पीने का परीक्षण किया जिसमें वह फेल हो गए। इसके बाद अभिनेता गणपति को हिरासत में लिया गया। यह भी खबर है कि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
मलयालम के जाने-माने अभिनेता हैं गणपति
अगर अभिनेता गणपति के फिल्मी करियर पर नजर डाले, तो वह मलयालम भाषा की कई फिल्में कर चुके हैं। लेकिन उन्हें प्रसिद्धि फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' से मिली। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी। फिल्म की कहानी काफी रोचक थी दर्शकों ने भी इसे खूब सराहा। फिल्म मंजुम्मेल बॉयज की कहानी की बात की जाए तो इसमें कुछ लड़कों का एक समूह एक एडवेंचर ट्रिप पर जाता है। लेकिन उनका एडवेंचर अचानक एक खतरनाक मोड़ ले लेता है। इन लड़कों में से एक गुना गुफाओं में कूद जाता है। इसके बाद बाकी लड़के क्या करते हैं यह सब फिल्म में दिखाया गया है।
फिल्मों के साथ वेब सीरीज भी की
कभी बाल कलाकार के तौर पर मलयालम फिल्मों में काम करने वाले गणपति अब फिल्मों में अहम किरदार निभाते हैं। साथ ही वह कई वेब सीरीज का भी हिस्सा रहे हैं। उनकी फिल्मों और वेब सीरीज में 'मिस्टर एंड मिस', 'राउडी अंडर वर्ल्ड', 'इंस्टाग्रामम', 'नल्ला नीलावुल्ला राठरी' और 'पद्मिनी' जैसी कई फिल्में और वेब सीरीज शामिल हैं। उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात की जाए तो वह फिल्म 'ओरु कट्टिल ओरु मुरी' में नजर आएंगे।