Pushpa 2 : पुष्पा 2 में अल्लू अर्जुन के जलवे के बावजूद छा गया एक कलाकार, जानिए कौन है ये अभिनेता!
दो दिन पहले पुष्पा 2 का ट्रेलर रिलीज हुआ। इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तहलका मचा दिया। अल्लू अर्जुन के फैंस तो उनका जलवा देखकर दीवाने हो गए। इसी ट्रेलर में एक और कलाकार ने दर्शकों का ध्यान खींचा। जानिए कौन है वो!
विस्तार
'पुष्पा 2' के ट्रेलर में दर्शकों की फैंस की नजरें बस अल्लू अर्जुन के किरदार पुष्पा के एक्शन और अंदाज पर ही टिकी रहती हैं। वहीं अभिनेता फहाद फासिल भी बहुत ही लाइमलाइट ले जाते हैंए उनके अभिनय की झलक देखकर भी दर्शक काफी उत्साहित नजर आए। फिल्म के ट्रेलर में यह दोनों ही कलाकार ज्यादातर नजर आए लेकिन एक सेकेंड भर के लिए एक कलाकार बिल्कुल ही जुदा अंदाज में दर्शकों को नजर आता है। उनका लुक भी बिल्कुल हटकर दिखता है। इस कलाकार की झलक देखकर दर्शकों के मन में सवाल पैदा होता है कि आखिर यह कौन है जो अल्लू अर्जुन और फहाद फाजिल जैसे कलाकारों के सामने अपने अभिनय का रंग दिखाने में कामयाब रहा।
आधा सिर मुंडा हुआ किरदार आया नजर
पुष्पा के ट्रेलर में वैसे तो अल्लू अर्जुन का ही जलवा नजर आया लेकिन जरा सी देर के लिए एक आधा सिर मुंडा किरदार भी नजर आता है। इस किरदार का पूरा लुक इतना अलग और अजीब रहा कि दर्शकों का ध्यान उस पर चला गया। इस किरदार को अभिनेता तारक पोनप्पा ने निभाया है। तारक लंबे समय से दक्षिण भारतीय फिल्मों में छोटे बड़े किरदारों में नजर आते रहे हैं।
मिल रही है काफी तारीफ
तारक पोनन्पा को पुष्पा 2 के अपने किरदार के लिए सोशल मीडिया पर काफी वाहा वाही मिल रही है। कई सोशल मीडिया यूजर्स मान रहे हैं कि फिल्म में यह किरदार काफी दमदार होने वाला है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि पल भर की झलक में तारक ने दर्शकों को ध्यान अपने किरदार की तरफ खींच लिया तो सोचिए फिल्म में वह क्या जलवा दिखा सकते हैं। जब फिल्म पुष्पा 2 रिलीज होगी तभी इस बात का पता चलेगा कि तारक दर्शकों को इंप्रेस कर पाएंगे या नहीं।
फिल्म केजीएफ में भी किया अभिनय
तारक पहली बार किसी बड़ी फिल्म का हिस्सा नहीं बन रहे हैं। वह पहले भी साउथ की हिट फिल्म केजीएफ और देवरा में भी नजर आए उन्होंने जूनियर एनटीआर और रॉकी यानी यश के साथ काम किया। अपने किरदारों को तारक ने बखूबी निभाया और दर्शकों के बीच बतौर कलाकार खुद को स्थापित करने में कामयाब रहे। तारक ने कन्नड़ फिल्म गिल्की में भी मुख्य किरदार निभाया। इस फिल्म की कहानी दिल को छू लेने वाली रही। इसमें गिल्की और नैंसी दो विकलांग इंसान हैं जो एक अलग तरह के रिश्ते में जुड़ जाते हैं। इस फिल्म में तारक ने एक विकलांग व्यक्ति की भूमिका को बहुत ही बेहतरीन तरीके से निभाया है।