आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और एक्टर पवन कल्याण से मिले निर्माता, तेलुगु इंडस्ट्री के मुद्दों पर हुई बातचीत
Deputy CM Pawan Kalyan And Film Producers Meeting: तेलुगु इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कई फिल्म निर्माता आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण से मिले। फिल्म इंडस्ट्री जिन चुनौतियों और समस्याओं का सामना कर रही है, उन पर मीटिंग में बातचीत की गई।
विस्तार
मंगलवार को तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई निर्माताओं ने राजा महेंद्रवरम में आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण से मुलाकात की। इस मुलाकात में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। मुलाकात के बाद प्रोड्यूसर नागा वामशी, रवि शंकर, नवीन येरनेनी, साहू गरपति और अन्य निर्माताओं ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्होंने पवन कल्याण के साथ पिछले दो हफ्तों में इंडस्ट्री में हुए नए घटनाक्रमों और चल रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की है।
मुलाकात में इन अहम मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई
- सिंगल-स्क्रीन थिएटर मालिकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ पर बात की गई। यह समस्या मुख्य रूप से ज्यादा मेंटेनेंस खर्च, बिजली के बढ़ते दाम और कम दर्शकों के आने की वजह से होती है।
- आने वाली फिल्म 'पेद्दी' की रिलीज से जुड़ी अड़चनों को लेकर बात की गई। इस फिल्म के निर्माता ज्यादा स्क्रीनिंग की इजाजत चाहते हैं।
- आंध्र प्रदेश में थिएटर अलॉटमेंट से जुड़ी दिक्कतों पर भी बातचीत की गई।
समस्या का स्थायी समाधान खोजने की दिशा में होगा काम
एएनआई की खबर के मुताबिक मीडिया से बातचीत करते हुए निर्माताओं ने कहा, ‘डिप्टी सीएम ने इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इन समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने की दिशा में काम करेगी।’ निर्माताओं ने आगे बताया कि इस बातचीत में उन व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जो फिल्म दिखाने वालों और थिएटर मैनेजमेंट को प्रभावित करते हैं। पवन कल्याण ने भी निर्माताओं को भरोसा दिलाया कि प्रोड्यूसर्स और एग्जिबिटर के बीच के विवादों को जल्द ही बातचीत और आपसी समझ के जरिए सुलझा लिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें: ‘उन्हें अच्छा काम करने दीजिए’, मंत्री व एक्टर सुरेश गोपी ने की थलापति विजय की तारीफ; कहा- उनकी आलोचना…
‘पेद्दी’ फिल्म को लेकर भी दिया नया अपडेट
निर्माताओं ने 'पेद्दी' फिल्म की रिलीज से जुड़ी चिंताओं पर भी जवाब देते हुए कहा कि पांच शो दिखाने की अनुमति मिल गई है। साथ ही सिंगल स्क्रीन थिएटरों के आवंटन को लेकर फिलहाल कोई रुकावट नहीं है। क्योंकि इस बारे में पहले ही समझौते हो चुके थे।
मीडिया से बात करते हुए निर्माताओं ने बैठक के बाद अपना भरोसा जाहिर किया और कहा कि डिप्टी सीएम ने उन्हें पक्का भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार फिल्म इंडस्ट्री का समर्थन करेगी। इसकी चिंताओं को जल्द से जल्द दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।