Cannes 2025: कान में दिखाई जाएगी सत्यजीत रे की 'अरण्येर दिन रात्रि', स्क्रीनिंग में शामिल होंगी शर्मिला टैगोर
Cannes Film Festival 2025: कान फिल्म महोत्सव में फिल्म निर्माता सत्यजीत रे की फिल्म 'अरण्येर दिन रात्रि' की स्क्रीनिंग होगी। उनकी फिल्म को 4K में री-स्टोर किया गया है।
विस्तार
कान फिल्म महोत्सव में फिल्म निर्माता सत्यजीत रे की फिल्म 'अरण्येर दिन रात्रि' की स्क्रीनिंग होगी। फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन ने घोषणा की है कि साल 1970 की फिल्म ‘अरण्येर दिन रात्रि’ का 4K संस्करण कान 2025 के फिल्म महोत्सव में दिखाया जाएगा। इस फिल्म में सौमित्र चटर्जी, शर्मिला टैगोर और रबी घोष ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन ने की घोषणा
फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए इसकी घोषणा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘सत्यजीत रे का मास्टरपीस ‘अरण्येर दिन रात्रि’ को फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन, जेनस फिल्म्स और द क्राइटेरियन कलेक्शन के सहयोग से री-स्टोर किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: Pawandeep: आईसीयू से बाहर आए सिंगर पवनदीप, एक्सीडेंट के बाद दोस्त ने सोशल मीडिया पर साझा किया हेल्थ अपडेट
फिल्म फेस्टिवल में ये लोग होंगे शामिल
कान में 'अरण्येर दिन रात्रि' का प्रीमियर फिल्म जगत के दिग्गजों के समूह द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें फिल्म निर्माता और द फिल्म फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य वेस एंडरसन, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, सिमी गरेवाल, निर्माता पूर्णिमा दत्ता, द फिल्म फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक मार्गरेट बोडे, फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के निदेशक शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर और जेनस फिल्म्स के पीटर बेकर और फुमिको ताकागी शामिल होंगे।
यह खबर भी पढ़ें: Ram Pothineni: राम पोथिनेनी की अगली फिल्म को लेकर नई अपडेट, एक्टर के जन्मदिन पर फैंस को मिलेगा बड़ा तोहफा
समारोह में भाग लेने के लिए उत्साहित शर्मिला टैगोर
इस समारोह में भाग लेने के लिए अभिनेत्री शर्मिला टैगोर काफी उत्साहित हैं। अभिनेत्री ने कहा, ‘यह बहुत बढ़िया है कि माणिक दा की 'अरण्येर दिन रात्रि' को री-स्टोर किया गया है। इस साल कान फिल्म महोत्सव में इसका विश्व प्रीमियर होगा। यह मेरे लिए बहुत खास पल है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं प्रीमियर में फिल्म को प्रस्तुत करने के लिए कान में रहूंगी।’
‘मुझे याद है कि मैं 'आराधना' की शूटिंग कर रही थी, जब माणिक दा ने मुझसे इस फिल्म के लिए एक महीने तक लगातार शूटिंग करने के लिए संपर्क किया था। शूटिंग के दौरान बहुत गर्मी थी और हम केवल सुबह और देर दोपहर में ही शूटिंग कर सकते थे। मेरे पास अपने सह-अभिनेताओं के साथ बिताए समय की अद्भुत यादें हैं।’ ‘कान 2025’ का आयोजन 13 से 24 मई तक किया जाएगा।