फिल्मफेयर ट्रॉफी लेकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे रवि किशन, टेका माथा, कहा- रॉकेट की तरह और भी उत्साहित हूं
Ravi Kishan On Winning Filmfare Award: अभिनेता रवि किशन को हाल ही में 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 'लापता लेडीज' के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार पाने के बाद रवि किशन पहली बार गोरखपुर पहुंचे और वहां गोरखनाथ मंदिर में दर्शन किए।
विस्तार
फिल्म 'लापता लेडीज' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग रोल (मेल) के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने के बाद रवि किशन की खुशी का ठिकाना नहीं है। हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड पाने के बाद रवि किशन पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे। वे इस दौरान फिल्मफेयर की ट्रॉफी लेकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और माथा टेका। उन्होंने अपनी खुशी शेयर करते हुए कहा कि वे इस अवॉर्ड को पाने के बाद अब रॉकेट की तरह उत्साहित हैं।
रवि किशन बोले- 'यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं'
अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचकर रवि किशन ने फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने पर बात की। लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया और ट्रॉफी के साथ तस्वीरें क्लिक कराईं। रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर कर लिखा है, 'फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद गोरखपुर प्रथम आगमन पर देवतुल्य कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा किए गए ऐतिहासिक और भव्य स्वागत ने हृदय को भाव-विभोर कर दिया। यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि गोरखपुर की मिट्टी, आप सभी के विश्वास और वर्षों के सहयोग की जीत है'।
फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद गोरखपुर प्रथम आगमन पर देवतुल्य कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा किए गए ऐतिहासिक और भव्य स्वागत ने हृदय को भावविभोर कर दिया। यह उपलब्धि सिर्फ़ मेरी नहीं, बल्कि गोरखपुर की मिट्टी, आप सभी के विश्वास और वर्षों के सहयोग की जीत है।
— Ravi Kishan (@ravikishann) October 15, 2025
गोरखपुर… pic.twitter.com/1eSY9XDsLr
गोरखनाथ जी के चरणों में समर्पित किया अवॉर्ड
रवि किशन ने आगे लिखा, 'गोरखपुर आगमन के तुरंत बाद सबसे पहले इस सम्मान को गुरु गोरखनाथ जी के चरणों में समर्पित किया। यह पुरस्कार उनकी कृपा, साधना और आशीर्वाद का प्रतिफल है। उनके चरणों में नमन करते हुए यही संकल्प है कि आगे भी समर्पण और निष्ठा के साथ गोरखपुर और देश का गौरव बढ़ाता रहूं। आप सभी के स्नेह, समर्थन और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार'।
किरण राव शुक्रिया अदा किया
वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में रवि किशन ने कहा, 'मैं इस अवॉर्ड के लिए 33 वर्षों से तरस रहा था'। अभिनेता ने फिल्म में काम करने का मौका देने के लिए निर्देशक किरण राव का भी शुक्रिया अदा किया। रवि किशन ने कहा, 'मैं इसके (फिल्मफेयर पुरस्कार) लिए 33 वर्षों से तरस रहा था। हमें लगता था कि यह पुरस्कार खरीदा हुआ है, लेकिन ये सारी भ्रांतियां झूठी साबित हुईं। मुझे खुद पर, भगवान शिव पर पूरा भरोसा था। मैं फिल्म की निर्देशक किरण राव का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं'।