फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Movie Reviews ›   The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix

The Archies Review: वेदांग रैना रहे ‘द आर्चीज’ की असली खोज, सुहाना, खुशी और अगस्त्य की खुशनुमा शुरुआत

Thu, 07 Dec 2023 10:39 PM IST
Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Thu, 07 Dec 2023 10:39 PM IST
विज्ञापन
The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
द आर्चीज रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
Movie Review
द आर्चीज
कलाकार
अगस्त्य नंदा , सुहाना खान , खुशी कपूर , वेदांग रैना , मिहिर आहूजा , युवराज मेंडा , अदिति सैगल (डॉट) , विनय पाठक और अली खान
लेखक
जोया अख्तर , रीमा कागती और आयशा देवित्रे ढिल्लों
निर्देशक
जोया अख्तर
निर्माता
जोया अख्तर और रीमा कागती
रिलीज
7 दिसंबर 2023
रेटिंग
3/5

‘द आर्चीज’। कहानी रिवरडेल नाम के एक काल्पनिक कस्बे की। समय 1964 का। इंदिरा गांधी को प्रधानमंत्री बनने से दो साल पहले का वक्त। नेहरू उसी साल गुजरे थे। कस्बे की करीब पांच हजार की आबादी के बीचो बीच बने पार्क पर होटल बनने की साजिश चल रही है। स्थानीय प्रशासन कारोबारियों के हाथों बिक चुका है। प्रस्ताव पारित करने के पक्ष में वोट देने के लिए कोई नोट लेकर बिकता दिखता है तो कोई चोट खाकर। अंतर्धारा ये कि भ्रष्टाचार भारत में तभी से चला आ रहा है। और, इस कहानी के चारों तरफ हैं सात ऐसे युवा किरदार जिनके नाम ‘द आर्चीज’ के कॉमिक्स से निकले हैं। कहानी का जैसा परिचय दिया गया है, उसके हिसाब से ये सारे ईस्ट इंडियन्स हैं, लेकिन फिल्म इन सबको एंग्लो इंडियन बताती है। कहानी लिखने वाले कालखंड को लेकर इतना अतिरिक्त सतर्क रहे हैं कि ऑल इंडिया रेडियो के दौर को भी इन किरदारों से आकाशवाणी ही कहलाने पर जोर दे सकते हैं ताकि इसकी लय में डिल्टन-वाणी जैसा काफिया बिठाया जा सके।

विज्ञापन

The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
‘द आर्चीज’ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

अगस्त्य, सुहाना और खुशी...

लेकिन, फिल्म ‘द आर्चीज’ देखने के लिए इसकी कहानी के लिए भला कौन दो घंटे बैठने वाला है। ये फिल्म देखी जा रही है तो इसके तीन मुख्य कलाकारों अगस्त्य नंदा, सुहाना खान और खुशी कपूर को लेकर। आर्चीज, वेरोनिका और बेट्टी के किरदार इसी क्रम में किए हैं इन तीनों ने। इस फिल्म के रिव्यू भी लोग फिल्म कैसी है ये जानने के लिए कम पढ़ेंगे, सबकी तलाश इस बात की रहेगी कि आखिर इन तीनों की अदाकारी को फिल्म में कितने नंबर मिलेंगे? तो रिजल्ट ये है कि ये तीनों अच्छे नंबरों से पास हैं। तीनों ने काफी तैयारी के साथ कैमरे के सामने कदम रखा है। अगस्त्य नंदा अपने मामा अभिषेक से बेहतर डेब्यू फिल्म पाने में सौभाग्यशाली रहे हैं। उनकी संवाद बोलने, चलने फिरने, कंधे सीधे रखने और नाचने-गाने की तैयारी भी बढ़िया है। रुआब उनके चेहरे पर थोड़ा कम है लेकिन ध्यान यहां ये रखना है उनका सरनेम बच्चन नहीं है। सुहाना खान भी किसी शैतान और शरारती बच्ची की तरह पूरी तैयार होकर आई हैं। किरदार उनका लंदन रिटर्न का है तो अगस्त्य के साथ ‘फ्रेंच किस’ भी कहानी के हिसाब से ‘ओके’ है। खुशी कपूर शुरू से ही पूरे जोश में दिखती हैं। अमेरिकी फिल्मों की तरह बोलते बोलते गाने लगती हैं और गाते गाते गुमसुम हो जाती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
‘द आर्चीज’ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

एक और रिवरडेल की कहानी

नेटफ्लिक्स पर सात सीजन तक चली वेब सीरीज ‘रिवरडेल’ पहले से है। उसका आखिरी सीजन अभी बस कुछ महीने पहले ही रिलीज हुआ। और, साल खत्म होने से पहले नेटफ्लिक्स के एक और रिवरडेल की हिंदुस्तानी कहानी दर्शकों के बीच है। आर्चीज कॉमिक्स के सात मुख्य किरदार इस फिल्म में हैं। साथ में और भी कई अच्छे-बुरे किरदार हैं। कहानी अगस्त्य नंदा की आवाज से शुरू होती है और सातों के कहीं ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ की तरह की किसी ट्रिप पर निकल जाने के आभास पर खत्म होती है। बहुत साधारण सी कहानी है। लेकिन, इस कहानी में जो सबसे अच्छी बात है वह ये है इसका स्कूल बेहतरीन है। देश को ऐसे स्कूलों की बहुत सख्त जरूरत है जहां शहर के सबसे अमीर शख्स की बेटी और रेस्तरां में नौकरी करके अपना खर्च निकालने वाला एक किशोर एक साथ पढ़ सकें और एक दूसरे से दोस्ती भी कर सकें। यही तो आदर्श समाज है।

Suzie Q: 'कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' में होगा 'सूजी क्यू' का प्रीमियर, चंदन रॉय सान्याल ने जताई खुशी

विज्ञापन

The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
द आर्चीज - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

ये इश्क, इश्क है, इश्क इश्क

एक अखबार भी इस कस्बे में निकलता है जिसे रेजी के पिता निकालते हैं और हमेशा रेजी के चुटकुलों पर तंज कसते रहते हैं। हालात तब बदलते हैं जब रेजी सिटी काउंसिल के अध्यक्ष का इंटरव्यू लाकर अपने पिता के सामने रखता है और वादे के बावजूद ये स्टोरी अगले अंक में छपती नहीं है। याद रहे ये सन 1964 का भारत है। बच्चे सारे 17 साल के आसपास के हैं। सबके अपने अपने घरेलू किस्से हैं। आर्ची को लंदन पढ़ने जाना है तो लंदन से लौटी वेरोनिका को अपने पापा से बात करने के लिए भी उनके पीए से टाइम लेना पड़ता है। बेट्टी और वेरोनिका दोनों पर आर्ची फिदा है लेकिन प्यार किससे करता है, खुद उसे नहीं मालूम। ‘जो जीता वही सिकंदर’ से लेकर ‘कुछ कुछ होता है’ और ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ तक सबने तो आर्चीज को ही घिसा है तो जब सीधे आर्चीज पर ही फिल्म बनकर आई है तो उसमें ये सब किसी को चौंकाने वाला सा लगता नहीं है।

Dunki Trailer: शाहरुख की 'डंकी' ने 'सालार' को दिया धोबी पछाड़, ट्रेलर व्यूज मामले में बनी नंबर 1 हिंदी फिल्म

The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
द आर्चीज - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

वेदांग रैना रहे अदाकारी में नंबर वन

फिल्म ‘द आर्चीज’ की बस दो ही कमजोर कड़ियां हैं और वे हैं इसकी कहानी और इसका निर्देशन। अभिनय फिल्म के मुख्य कलाकारों से लेकर सहायक कलाकारों तक सबने दमदार किया है। मिहिर आहूजा भी जगहेड के किरदार में मौका पाने पर अपना माद्दा दिखाने में सफल हैं तो डिल्टन डोएली का एक खास अंदाज में थेंकयो बोलना फिल्म की पंचलाइन बनती जाती है। अदिति सहगल ने एथेल का किरदार किया है और डॉट के नाम से फिल्म के गाने भी रचे हैं। बाकी कलाकारों में अली खान को सुहाना खान के पिता के किरदार में देखकर एक बार तो अनिल कपूर को भी ‘कॉम्प्लेक्स’ हो सकता है कि ये नया कंपटीशन कहां से आ गया। लेकिन, फिल्म की असल खोज हैं अभिनेता वेदांग रैना। रेजी के किरदार में वेदांग ने असल हीरो होने का माद्दा फिल्म मे दिखाया है। कहानी का असली कैटलिस्ट भी यही किरदार है। बताते ये भी हैं कि इस फिल्म की रिलीज से पहले ही उनके काम की तारीफें बाहर आती रही हैं और इसीलिए वह आलिया भट्ट के साथ उनकी अगली फिल्म ‘जिगरा’ की शूटिंग भी शुरू कर चुके हैं।

Dunki Advance Booking: शाहरुख खान की 'डंकी' की विदेशी बाजारों में एडवांस बुकिंग शुरू, वाईआरएफ बना वितरक

The Archies Review in Hindi by Pankaj Shukla Zoya Akhtar Reema Kagti Agastya Suhana Khushi Vedang Netflix
द आर्चीज - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

‘गली बॉय’ वाली जोया की फिल्म नहीं

फिल्म तकनीकी रूप से बहुत अच्छी बन पड़ी है। ऊटी के नयनाभिराम प्राकृतिक दृश्य को निकोल ने बेहद खूबसूरती से परदे पर उतारा है। शंकर, एहसान, लॉय का रचा फिल्म का बैकग्राउंड संगीत फिल्म की आत्मा को मजबूती देता है। कॉस्ट्यूम, प्रोडक्शन डिजाइन और आर्ट डायरेक्शन सब बढ़िया है। गाने कुछ अंग्रेजी में हैं कुछ हिंदी में हैं और सबसे अच्छा गाना है फिल्म का, ‘सुनो’। वीकएंड की छुट्टियों में जब कुछ न करने को हो तो एक पैकेट पॉपकॉर्न का माइक्रोवेव में भूनकर रजाई में दुबके हुए हैपी हैपी मूड बनाने के लिए फिल्म ‘द आर्चीज’ वन टाइम वॉच है। सुहाना, खुशी और अगस्त्य के लिए फिल्म देखनी है तो तीनों अपना अपना काम अच्छे से कर गए हैं। लेकिन, अगर तमन्ना फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ और ‘गली बॉय’ वाली जोया अख्तर की वैसी ही भीतर तक कचोटने वाली फिल्म देखने की हो, तो इसे अपने रिस्क पर ही देखिएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed