Fairy Folk Review: अभिनय का सारा रस निचोड़कर भी फेल रहीं रसिका दुग्गल, चौराहे पर फूटी रिश्तों की अधपकी हांडी
फिल्म 'फेयरी फोक' प्रेम, अकेलेपन, विवाह और लिंग पहचान जैसे मुद्दे से जुड़ी हैं। इस फिल्म का निर्देशन करन गौर ने किया है। इस फिल्म के निर्माण में खुद ही रसिका दुग्गल और मुकुल चड्ढा कार्यकारी निर्माता के तौर पर जुड़े हैं।
विस्तार
वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में बीना त्रिपाठी की भूमिका निभाकर कर मशहूर हुई अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने पहली बार अपने पति मुकुल चड्ढा के साथ फिल्म 'फेयरी फोक' में स्क्रीन साझा की है। इस फिल्म के निर्माण में खुद ही रसिका दुग्गल और मुकुल चड्ढा कार्यकारी निर्माता के तौर पर जुड़े हैं। यह फिल्म प्रेम, अकेलेपन, विवाह और लिंग पहचान जैसे मुद्दे से जुड़ी हैं, लेकिन फिल्म की कहानी ऐसी उझली हुई है कि फिल्म का असली सार क्या है, फिल्म के निर्देशक करन गौर दर्शकों को समझा नहीं पाए। फिल्म की कहानी भी करन गौर ने ही लिखी है और फिल्म की एडिटिंग के साथ-साथ फिल्म में संगीत भी खुद ही दिया है।
कहानी यूं है कि मोहित और ऋतिका की गाड़ी रात को एक सुनसान जगह पर खराब हो जाती है। उनकी नजर सामने एक नग्न अवस्था में खड़े व्यक्ति पर पड़ती है तो दोनों डर जाते हैं, लेकिन फिर उस व्यक्ति से सहानुभूति पैदा हो जाती है और उसे अपने घर लेकर आते हैं। वह व्यक्ति बिल्कुल रोबोट की तरह खड़ा रहता है। मोहित और ऋतिका उसे समझने और बात करने की कोशिश करते हैं। काफी समय के बाद उन्हें समझ में आता है कि वह पक्षियों की आवाज पर अपनी प्रतिक्रिया देता है। दोनों अपने दोस्तों को बुलाकर उस अजीब से दिखने वाले इंसान के बारे में समझने की कोशिश करते हैं, उन्हें हैरानी तब होती हैं, जब उन्हें पता चलता है कि वह खाने में सिर्फ मिट्टी खाता है। दोनों उसे अपने ही घर में रखने का फैसला करते हैं। उसके बाद क्या-क्या घटनाएं होती हैं? इसी के इर्द-गिर्द फिल्म की पूरी कहानी आगे बढ़ती है।
फिल्म की शुरुआत होती है तो ऐसा लगता है कि यह कोई सस्पेंस थ्रिलर हॉरर होगी। फिल्म एक ऐसी काल्पनिक कहानी से आगे बढ़ती हैं, जिसकी कल्पना भी समझ से परे है। मोहित को उस अजीब से दिखने वाले इंसान से इतना भावनात्मक लगाव हो जाता है कि एक रात सोते वक्त उसे किस करके सोने को कहता है और सुबह देखता है कि वह व्यक्ति उसके बेडरूम से गायब है। जब किचन से किसी व्यक्ति की अजीबो गरीब आवाज आती है तो मोहित और ऋतिका किचन में जाकर देखते है कि एक व्यक्ति किचन में जो भी खाने की वस्तु मिल रहा है वह खा रहा है और खुद को मोहित बताता है। कुछ समय के बाद जब ऋतिका अजीब से दिखने वाले इंसान को किस करके सोने को कहती है तो अगली सुबह किचन में उसी हालत में एक दूसरा व्यक्ति मिलता है जो खुद को ऋतिका बताता है।
यह भी पढ़ें: The Sabarmati Report: पत्रकार बन गोधरा ट्रेन जलने की घटना का खुलासा करेंगे विक्रांत, टीजर साझा कर दिखाई झलक
फिल्म की कहानी फिल्म के निर्देशक करन गौर ने खुद ही लिखी हैं, इस फिल्म के माध्यम से वह क्या कहना चाह रहे हैं, वही समझ सकते हैं। फिल्म की पटकथा बेहद ही कमजोर है। फिल्म के निर्देशक इस फिल्म के माध्यम से जो भी बताना चाह रहे हैं, वह आम भारतीय दर्शकों की समझ से परे है। इस फिल्म के माध्यम से यह बताने की कोशिश की गई है कि अगर पति पत्नी आपसी रिश्ते से पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है तो हम कल्पनाओं में बेहतर संबंध कैसे स्थापित कर सकते हैं ? निर्देशक करन गौर की सोच अच्छी है, लेकिन अपनी सोच को पर्दे पर ठीक से पेश नहीं कर पाए।
यह भी पढ़ें: Shilpa Shetty: जब राज के कारण शिल्पा के साथ हुआ ऐसा, हालत ये थी कि काम भी हाथ से निकलने लगा