Mani Ratnam: मणिरत्नम की अनोखी प्रेम कहानियां, दिखी आतंकवादी से लेकर रावण तक की लव स्टोरी
Mani Ratnam Birthday: तमिल से लेकर तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्में बनाने वाले निर्देशक मणिरत्नम ने हिंदी में भी कई फिल्मों का निर्देशन किया है। जानते हैं उनकी बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट और उनके बारे में।
विस्तार
दिग्गज निर्माता-निर्देशक मणिरत्नम आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। तमिल सिनेमा में काम करने वाले मणिरत्नम ने हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा की फिल्में भी बनाई हैं। मणिरत्नम की फिल्मों का इंतजार दर्शक बड़ी ही बेसब्री से करते हैं। इन दिनों मणिरत्नम अपनी आगामी फिल्म ‘ठग लाइफ’ को लेकर चर्चाओं में हैं। जो उनके जन्मदिन के तीन दिन बाद यानी कि 5 जून को रिलीज हो रही है। फिल्म हिंदी भाषा में भी रिलीज की जाएगी। मणिरत्नम की अगर हिंदी फिल्मों या बॉलीवुड फिल्मों की बात करें तो भले ही उन्होंने कम फिल्में बनाई हैं, लेकिन उनका हिट का एवरेज काफी शानदार है। मणिरत्नम की पांच हिंदी फिल्मों की बात करें तो उनमें सिर्फ एक फ्लॉप फिल्म है। बाकी चार बॉक्स ऑफिस पर सफल ही रही हैं। जानते हैं मणिरत्नम की हिंदी फिल्मों के बारे में।
दिल से (1998)
साउथ में काम करने वाले मणिरत्नम 1998 में एक हिंदी फिल्म लेकर आए ‘दिल से’, फिल्म में शाहरुख खान, मनीषा कोईराला और प्रीति जिंटा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आई हैं। यह एक लव स्टोरी है, जिसमें आतंकवाद के मुद्दे को भी मणिरत्नम ने बहुत ही सलीके से दिखाया है। फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर उतनी सफल नहीं रही थी, हालांकि, बाद में अब इसे बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म को 6 फिल्मफेयर अवॉर्ड समेत कई अवॉर्ड मिले थे। फिल्म के गाने आज भी लोगों की पसंद हैं और प्ले लिस्ट में शामिल हैं।
युवा (2004)
2004 में आई ‘युवा’ एक पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसे मणिरत्नम ने लिखा, प्रोड्यूस किया और डायरेक्ट किया है। यह मणिरत्नम की ही तमिल फिल्म ‘आयथा एझुथु’ का हिंदी रीमेक थी। इस मल्टीस्टारर फिल्म में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन, विवेक ओबेरॉय, करीना कपूर और रानी मुखर्जी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। अलग-अलग स्टोरी दिखाती इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। तो वहीं अवॉर्ड्स में ‘युवा’ छाई रही थी।
गुरु (2007)
2007 में आई मणिरत्नम की फिल्म ‘गुरु’ अभिषेक बच्चन के करियर की सोलो हीरो वाली हिट फिल्मों में से एक है। फिल्म में अभिषेक और ऐश्वर्या की जोड़ी एकसाथ नजर आई थी। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान ऐश्वर्या और अभिषेक की प्रेम कहानी भी शुरू हुई थी। गुरु फिल्म की कहानी भारत के दिग्गज उद्योगपति धीरूभाई अंबानी के जीवन से मेल खाती है। इसे उनकी बायोपिक भी कहा जाता है। हालांकि, निर्देशक मणिरत्नम ने इस बात से पूरी तरह से इंकार करते हुए गुरु को एक फिक्शनल कहानी ही बताया है। फिलहाल फिल्म काफी पसंद की गई थी और इसे दर्शकों व क्रिटिक्स दोनों की ही अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म के लिए अभिषेक बच्चन ने काफी मेहनत भी की थी। फिल्म तमिल और तेलुगु में भी रिलीज हुई थी। तमिल में इसी नाम से रिलीज हुई थी, जबकि तेलुगु में फिल्म का नाम ‘गुरुकांत’ था।
साथिया (2002)
रानी मुखर्दी और विवेक ओबेरॉय की सुपरहिट रोमांटिक फिल्म ‘साथिया’ को मणिरत्नम ने प्रोड्यूस किया था। जबकि फिल्म का निर्देशन शाद अली ने किया था। हालांकि, ‘साथिया’ मणिरत्नम की तमिल फिल्म ‘अलाई पयूथे’ का हिंदी रीमेक थी। फिल्म एक लव स्टोरी है, जिसमें विवेक ओबेरॉय और रानी मुखर्जी ने प्रमुख भूमिका निभाई है। फिल्म में शाहरुख खान और रानी मुखर्जी अतिथि भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। ‘साथिया’ के गाने आज भी लोगों की प्ले लिस्ट में शामिल हैं।
‘गुरु’ फिल्म की हिट जोड़ी अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय को लेकर मणिरत्नम 2010 में एक बार फिर आए फिल्म ‘रावण’ के साथ। इस एक्शन-एडवेंचर ड्रामा फिल्म में अभिषेक-ऐश्वर्या के अलावा गोविंदा, रवि किशन, विक्रम और प्रियामणि भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म ‘रामायण’ से प्रेरित थी, जो नए एंगल और तरीके से कहानी को रावण के नजरिए से दिखाती है। फिल्म में अभिषेक बच्चन रावण से प्रेरित किरदार और ऐश्वर्या राय सीता के किरदार से प्रेरित भूमिकाओं में थीं। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। ये मणिरत्नम की पहली हिंदी फिल्म थी जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शक दोनों ने ही नकार दिया था। हालांकि, फिल्म के गाने मणिरत्नम की बाकी फिल्मों की तरह पसंद किए गए थे।